ठाकुरगंज : ईद मिलादुन्नबी पर पौआखाली में निकला भव्य जुलूस, करीब 15 हजार अकीदतमंद हुए शामिल

किशनगंज, 26 अगस्त (के.स.)। फ़रीद अहमद, इर्द मिलादुन्नबी के अवसर पर पौआखाली थाना क्षेत्र में बुधवार को अकीदतमंदों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भव्य जुलूस निकाला। जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। अनुमान के मुताबिक करीब 15 हजार अकीदतमंदों की भीड़ जुटी।
जुलूस में मुफ्ती, कारी एवं हाफिज सहित बड़ी संख्या में धर्मगुरु और स्थानीय लोग शामिल हुए। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह उर्दू एडवाइजरी बोर्ड के अध्यक्ष नौशाद आलम, नगर उपाध्यक्ष अबु नसर आलम समेत कई वार्ड पार्षद भी जुलूस में शामिल हुए।
ईद मिलादुन्नबी के मौके पर निकला जुलूस पूरे क्षेत्र में आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल का संदेश देता नजर आया। प्रशासन और पुलिस की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जुलूस के दौरान पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात और भीड़ नियंत्रण पर विशेष नजर रखी गई।
पौआखाली थानाध्यक्ष शंकर राज करण स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालते हुए जुलूस के दौरान सक्रिय नजर आए। पुलिस की मुस्तैदी के बीच जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
जुलूस के समापन के बाद मस्जिद में फातिहा पढ़ी गई और अकीदतमंदों के बीच तबर्रुक का वितरण किया गया। इसके साथ ही शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का समापन हुआ।
ईद मिलादुन्नबी का यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी है। हजारों लोगों की मौजूदगी के बावजूद जुलूस का शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होना प्रशासन, पुलिस और आयोजकों के बीच बेहतर समन्वय को दर्शाता है। ऐसे आयोजनों में शांति, अनुशासन और आपसी सौहार्द बनाए रखना समाज की साझा जिम्मेदारी है। पौआखाली थानाध्यक्ष शंखराज कर्ण ने बताया कि ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान सब कुछ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और कोई भी अप्रिय घटना नहीं घटी।



