किशनगंज : 200 ग्राम MDMA के साथ तस्कर गिरफ्तार, 60 लाख बताई गई कीमत

किशनगंज, 12 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने कोचाधामन थाना क्षेत्र के डे-मार्केट के पास पौआखाली मोड़ की ओर जाने वाली सड़क पर वाहन जांच के दौरान 200 ग्राम MDMA जैसे अवैध मादक पदार्थ के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। बरामद MDMA की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और डिजिटल माप-तौल मशीन भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को 11 अगस्त की रात सूचना मिली थी कि डे-मार्केट, पौआखाली मोड़ के समीप अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों द्वारा MDMA की बड़ी खेप की डिलीवरी की जानी है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए एसडीपीओ किशनगंज मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में एएनटीएफ, कोचाधामन थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम ने पौआखाली मोड़ की ओर जाने वाली पक्की सड़क पर वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान मस्तान चौक की ओर से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार ने पुलिस को देखकर वाहन घुमाकर भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास से 200 ग्राम MDMA बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुर्बान अली, पिता फरमान अली, निवासी मौजाबाड़ी, थाना कोचाधामन के रूप में हुई है। मामले में कोचाधामन थाना कांड संख्या 428/26 दर्ज कर NDPS एक्ट की धारा 8(c)/21(b) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर MDMA की आपूर्ति करने और आगे खपाने वाले नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।पुलिस अपराध से अर्जित संपत्ति की भी जांच कर रही है।



