किशनगंज : विश्वकर्मा पूजा पर श्रम कल्याण दिवस, श्रमिकों को योजनाओं और अधिकारों की दी जानकारी

किशनगंज, 18 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर गुरुवार को श्रमायुक्त, बिहार, पटना के निर्देशानुसार संयुक्त श्रम भवन, जुलजुली में श्रम कल्याण दिवस के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन श्रम अधीक्षक किशनगंज, बाल कल्याण समिति के सदस्य एवं बाल संरक्षण पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए श्रमिकों ने भाग लिया।
कार्यशाला के दौरान श्रमिकों को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं, बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना तथा बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना के बारे में बताया।
इसके अलावा श्रमिकों को ई-श्रम पोर्टल पर निबंधन कराने के फायदे और प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कार्यशाला में श्रमिकों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए न्यूनतम मजदूरी अधिनियम, बाल श्रम अधिनियम, ठेका मजदूर अधिनियम एवं बंधुआ मजदूर अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही लेबर चौक एप पर निबंधन की प्रक्रिया भी समझाई गई।
कार्यशाला में श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक निबंधन और दस्तावेजों के संबंध में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने श्रमिकों से अपने अधिकारों और विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
इस अवसर पर बाल कल्याण समिति के सदस्य, बाल संरक्षण पदाधिकारी, श्रम अधीक्षक किशनगंज, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी कोचाधामन एवं किशनगंज सदर सहित विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



