उद्योग विभाग, बिहार सरकार के एमएसएमई निदेशक श्री अमन समीर ने आज गया जिले के प्रसिद्ध वस्त्र निर्माण केंद्र मानपुर पटवाटोली का दौरा किया।

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/इस दौरे का मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री क्लस्टर विकास योजना (CM CDP) के तहत क्षेत्र में कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) की स्थापना की संभावनाओं का आकलन करना और बुनकरों को राज्य सरकार की नई योजनाओं से जोड़ना था।
दौरे के दौरान निदेशक एमएसएमई ने मानपुर पटवाटोली स्थित पावरलूम इकाइयों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया और स्थानीय पावरलूम मालिकों व बुनकरों से सीधे संवाद किया। इस बातचीत के माध्यम से उन्होंने क्षेत्र के बुनकरों को दैनिक उत्पादन में आ रही चुनौतियों, कच्चे माल की उपलब्धता, अद्यतन तकनीक और विपणन (मार्केटिंग) से जुड़ी जमीनी समस्याओं की प्रथम दृष्टया जानकारी प्राप्त की।
संवाद सत्र के दौरान श्री अमन समीर ने बुनकरों को राज्य सरकार की नवनिर्मित एमएसएमई नीति (MSME Policy), मुख्यमंत्री क्लस्टर विकास योजना (CM CDP Scheme) तथा इनके अंतर्गत मिलने वाले वित्तीय अनुदानों, सब्सिडी और अन्य प्रमुख प्रावधानों के बारे में विस्तार से जागरूक किया।
कपड़ा रंगाई (डाइंग) प्रक्रिया में आने वाली पर्यावरणीय एवं तकनीकी समस्याओं के दीर्घकालिक समाधान हेतु, निदेशक एमएसएमई ने महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र (GM DIC), गया को मानपुर पटवाटोली में एक आधुनिक ‘ज़ीरो डिस्चार्ज डाइंग यूनिट’ (Zero Discharge Dyeing Unit) कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) स्थापित करने के लिए तत्काल नया प्रस्ताव और विस्तृत डायग्नोस्टिक स्टडी रिपोर्ट (DSR) तैयार करने को कहा।
निदेशक ने विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार पटवाटोली के पारंपरिक कपड़ा उद्योग को आधुनिक रूप देने और बुनकरों की आय में वृद्धि के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।

