अररिया : राज्य की महिलाएं होंगी आत्मनिर्भर, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का हुआ शुभारंभ
योजना के पहले चरण में लाभार्थी महिलाओं को ₹10,000 की आर्थिक सहायता

अररिया,08सितम्बर(के.स.)। अब्दुल कैय्यूम,
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बिहार सरकार द्वारा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत की गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना का राज्यस्तरीय उद्घाटन शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया।
अररिया समाहरणालय स्थित सभागार में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनिल कुमार ने की। इस दौरान जिले भर से आईं लगभग 200 जीविका दीदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में डीडीसी रोजी कुमारी, डीपीएम नवीन कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।
योजना की मुख्य विशेषताएं:
- पहले चरण में महिलाओं को ₹10,000 की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी।
- इस राशि का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार हेतु प्रेरित करना है।
- छह महीने बाद योजना की समीक्षा की जाएगी, और सक्रिय लाभार्थियों को ₹2 लाख तक की अतिरिक्त सहायता दी जा सकेगी।
इस अवसर पर डीएम अनिल कुमार ने योजना की पारदर्शिता को लेकर विशेष जोर देते हुए बताया कि जीविका दीदियों को सिर्फ आधार कार्ड और बैंक खाता संख्या देना होगा। आवेदन प्रक्रिया नि:शुल्क है। अगर कोई किसी प्रकार की राशि की मांग करता है, तो उसकी सूचना तुरंत संबंधित पदाधिकारियों को दें।
विस्तृत जागरूकता अभियान का आगाज़
योजना की जानकारी जिले के कोने-कोने तक पहुँचाने के लिए विशेष शिविरों और जागरूकता वाहनों के माध्यम से 7 से 26 सितंबर तक सभी 320 ग्राम संगठनों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना और अन्य महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जो महिलाएं अभी तक जीविका से नहीं जुड़ी हैं, उन्हें भी इस योजना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अररिया, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी समेत कई गणमान्य अधिकारी मौजूद रहे।