*बिहार में महिलाओं बच्चियों पर बढ़े अत्याचार पर खामोश क्यों हैं सीएम नीतीश कुमार: राजेश राम*
*बलात्कार पीड़ित नाबालिग बच्ची के न्याय के लिए गयाजी के एसपी से शिष्टमंडल के साथ मिले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम*

मुकेश कुमार/गयाजी जिले के लुटुआ थाना क्षेत्र के बांके बाजार में 9 साल की नाबालिग बच्ची के साथ गैंगरेप की घटना के बाद बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम दल बल के साथ गयाजी पहुंचकर सिटी एसपी से शिष्टमंडल के साथ मुलाकात कर नाबालिग बच्ची को न्याय दिलाने के लिए कल देर शाम मुलाकात की। साथ ही उन्होंने प्रेस के माध्यम से परिजनों को हर संघर्ष में साथ देने की बात कह कर ढांढ़स बढ़ाया और उनके लिए न्याय की लड़ाई में कांग्रेस पार्टी का समर्थन दिया।
गयाजी पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि बिहार में अपराध और अपराधी नीतीश भाजपा सरकार के नियंत्रण से बाहर जा चुके हैं। रोजाना सूबे में आपराधिक घटनाएं हो रही है। पुलिस और कानून व्यवस्था का कोई खौफ अपराधियों में नहीं रह गया है और यह सरकार के गिरते इकबाल का परिचायक है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचेतावस्था में चले गए है और बिहार को भयाक्रांत कर रख दिया है। प्रदेश में आपराधिक घटनाओं पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है और महिलाएं, बच्चियों तक की अस्मिता खतरे में आ गई है। रोजाना बलात्कार और महिला अत्याचार की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने सीधे शब्दों में कहा कि प्रदेश में गुंडाराज स्थापित हो चुका है और रोजाना स्थिति बद से बदतर होती जा रही है।
साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि अमेरिकी सरकार ने ट्रैवल एडवायजरी जारी करते हुए कहा कि अमेरिकी नागरिक भारत में अकेले न घूमें और भारत को बलात्कार, हिंसा और आतंकवाद से ग्रस्त देश बताया जिसमें बिहार को लेकर विशेष तौर पर यात्रा की मनाही की गई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश की जगहंसाई कराने वाले भाजपा और नीतीश कुमार को कम से कम अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सही ढंग से करना चाहिए और राज्य में कानून का राज अपने बचे कार्यकाल में स्थापित करके आराम से रिटायरमेंट लेना चाहिए।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के साथ कांग्रेस का शिष्टमंडल जिसमें जिलाध्यक्ष संतोष कुशवाहा, रजनीश कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी, पूर्व उप महापौर, गया नगर निगम मोहन श्रीवास्तव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सह पैक्स अध्यक्ष कोंच रिया कुमारी शामिल रहीं, ने सिटी एसपी से मिलकर बच्ची को उचित न्याय और दोषियों को स्पीडी ट्रायल चला कर सजा देने के साथ पीड़िता के परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।