ठाकुरगंज : कथित पौआखाली सरकारी अस्पताल में प्रसव के नाम पर अवैध उगाही का वीडियो वायरल, डीएम ने दिए जांच के आदेश

किशनगंज,04अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के पौआखाली स्थित कथित सरकारी अस्पताल में प्रसव के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एएनएम द्वारा प्रसव कराने के नाम पर परिजनों से पैसे मांगने और मोलभाव करने का दावा किया जा रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला जिला प्रशासन के संज्ञान में आया, जिसके बाद जिलाधिकारी विशाल राज ने जांच के आदेश दे दिए हैं। डीएम ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और इसकी सत्यता की जांच के लिए समिति का गठन किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीडियो और तथ्यों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में कथित तौर पर अस्पताल में प्रसव के नाम पर मरीजों से अवैध रूप से पैसे वसूले जाने की बात सामने आई है। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। यह वीडियो सूत्रों के माध्यम से प्राप्त हुआ है, जिसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।
वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह गरीब और जरूरतमंद मरीजों के साथ गंभीर अन्याय होगा। साथ ही सरकारी अस्पतालों में मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं के दावों पर भी सवाल उठेंगे।
इस पूरे मामले में कई सवाल खड़े हो रहे हैं-वायरल वीडियो किस अस्पताल का है, उसमें दिख रहे लोग कौन हैं, और क्या वे वास्तव में पौआखाली सरकारी अस्पताल के कर्मचारी हैं या नहीं। हालांकि कर्मी सूत्रों के अनुसार वीडियो पौआखाली सरकारी अस्पताल का ही बताया जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।
जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नोट: यह खबर वायरल वीडियो और प्राप्त सूत्रों पर आधारित है। वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है। जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।



