राजनीति

सम्राट चैधरी के बड़बोलेपन से प्रदेश अध्यक्ष के पद की गरिमा को ठेस पहुंचा है- उमेश सिंह कुशवाहा…

त्रिलोकी नाथ प्रसाद –बिहार जनता दल (यू0) के प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने बुधवार को बयान जारी कर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री सम्राट चैधरी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष का पद गरिमापूर्ण पद की श्रेणी में आता है। अगर कोई व्यक्ति इस पद पर आसीन होकर निरंतर दूषित और मर्यादाहीन शब्दों का प्रयोग कर रहा है तो उस व्यक्ति से अधिक व्यक्ति का पद कलंकित होता है। उन्होंने कहा कि श्री सम्राट चैधरी आए दिन जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं उससे प्रदेश अध्यक्ष के पद की गरिमा को गहरा ठेस पहुंचा है।

श्री कुशवाहा ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों को आधार बनाकर व्यक्तिगत बयानबाजी करना संस्कारहीन राजनीति का प्रमाण है। हमारे नेता आदरणीय श्री नीतीश कुमार बीते 4 दशकों से देश व प्रदेश की राजनीति में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इतने वर्षों के बावजूद भी आज तक उन्होंने कभी अमर्यादित शब्दो का प्रयोग नहीं किया और ना ही किसी के व्यक्तिगत जीवन पर उन्होंने टीका-टिप्पणी की। यही वजह है कि विपक्षी दलों के नेता भी श्री नीतीश कुमार का दिल से सम्मान करते हैं। पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के बाद श्री नीतीश कुमार ही दूसरे ऐसे राजनेता है जिनकी छवि आज राजनीति के अजातशत्रु के तौर पर उभरी है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि श्री नीतीश कुमार जैसे साफ-सुथरी छवि वाले व्यक्ति के उपर अगर कोई ओछी मानसिकता वाला व्यक्ति अपमानजनक टिप्पणी करता है तो देश और प्रदेश की जनता समय आने पर स्वयं उसके साथ न्याय कर देगी। बिहार की तेरह करोड़ जनता के आशीर्वाद के बदौलत ही श्री नीतीश कुमार बीते 18 वर्षों से बिहार के मुख्यमंत्री हैं। अगर उनके विषय में कुछ भी अनर्गल कहा जाता है तो यह पूरे बिहार का अपमान माना जाएगा। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व ऐसे बयानवीरों पर लगाम लगाए, नहीं तो प्रदेश की जनता का आक्रोश झेलने के लिए तैयार रहे।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!