सात निश्चय–3 के तहत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ पर ज़ोर, डीएम ने सुनी आमजनों की समस्याएं

किशनगंज,06फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय–3 के अंतर्गत सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी विशाल राज ने शुक्रवार को आमजनों की समस्याएं सुनीं।
इस दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को सभी पदाधिकारी अनिवार्य रूप से अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
डीएम ने निर्देशित किया कि सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, शौचालय समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही प्रत्येक कार्यालय में आगंतुक पंजी का विधिवत संधारण करते हुए प्राप्त शिकायतों की प्रविष्टि एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त प्रखंड, पंचायत एवं जिला स्तर पर प्रतिदिन कार्यालयों में आने वाले आगंतुकों की संख्या की रिपोर्टिंग अनिवार्य की गई है। किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी को तत्काल अपने वरीय पदाधिकारी को सूचित करने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। यदि किसी कारणवश संबंधित पदाधिकारी कार्यालय में अनुपस्थित रहते हैं, तो उनके स्थान पर अधिकृत पदाधिकारी आमजनों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे।
एक से अधिक कार्यालयों का प्रभार संभाल रहे पदाधिकारियों को सोमवार एवं शुक्रवार को समय निर्धारित कर सभी कार्यालयों में उपस्थित रहकर जनसुनवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्देशों की अवहेलना अथवा अधिकृत पदाधिकारी की अनुपस्थिति की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।


