किशनगंज : सात निश्चय–3 के तहत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ को लेकर डीएम ने सुनी आमजनों की समस्याएं

किशनगंज,19जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बिहार सरकार के सात निश्चय–3 कार्यक्रम के अंतर्गत सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज ने मंगलवार को आम जनमानस की समस्याएं सुनीं। इस दौरान डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सप्ताह में दो दिन-सोमवार एवं शुक्रवार को सभी पदाधिकारी अनिवार्य रूप से अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे, ताकि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि जनता को कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ें, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
डीएम ने सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक कार्यालय में आगंतुक पंजी का विधिवत संधारण करते हुए प्राप्त शिकायतों की प्रविष्टि एवं उनके समयबद्ध निष्पादन को सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने बताया कि प्रखंड, पंचायत एवं जिला स्तर पर प्रतिदिन आगंतुकों की संख्या की रिपोर्टिंग अनिवार्य की गई है। किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी को तत्काल अपने वरीय पदाधिकारी को सूचना देने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि आगंतुकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। यदि किसी कारणवश संबंधित पदाधिकारी कार्यालय में अनुपस्थित हों, तो उनके स्थान पर अधिकृत पदाधिकारी आमजनों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे। जो पदाधिकारी एक से अधिक कार्यालयों के प्रभार में हैं, वे सोमवार एवं शुक्रवार को सुविधा अनुसार समय निर्धारित कर सभी कार्यालयों में उपस्थित रहकर लोगों से मिलना सुनिश्चित करेंगे।
डीएम ने चेतावनी दी कि निर्देशों की अवहेलना अथवा अधिकृत पदाधिकारी की अनुपस्थिति की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ को केवल नारा नहीं, बल्कि धरातल पर उतारना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।



