किशनगंज : होली पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, जिलेभर में सघन पुलिस बल तैनात
किशनगंज,04मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशानुसार जिले के सभी चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर सघन पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई।
होली के दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार गश्ती, विशेष निगरानी एवं सतर्कता बरती गई। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी पुलिस टीमों को सक्रिय रखा गया, ताकि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाने की अपील की गई।
किशनगंज पुलिस ने कहा है कि वह सदैव जनता की सुरक्षा, सेवा एवं विश्वास के लिए प्रतिबद्ध है और त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु पूरी तरह सतर्क है।



