अररिया : जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर टी एच आर का हुआ वितरण, जांच पदाधिकारियों ने किया निरीक्षण

अररिया, 22 अगस्त (के.स.)। अब्दुल कैय्युम, जिलाधिकारी, अररिया विनोद दूहन के दिशा-निर्देश में शनिवार को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर टेक होम राशन (टीएचआर) का वितरण किया गया। लाभार्थियों को निर्धारित पोषाहार उपलब्ध कराने के साथ-साथ वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तर से नामित जांच पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न प्रखंडों के आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर THR वितरण की स्थिति का जायजा लिया तथा वितरण पंजी का लाभार्थियों के साथ मिलान किया। साथ ही, FRS (फेस रिकग्निशन सिस्टम) के माध्यम से लाभार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे पोषाहार की प्रक्रिया की भी जांच की गई।
पदाधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप लाभार्थियों को पोषाहार उपलब्ध कराया जा रहा है।
जांच पदाधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। संबंधित सेविका एवं सहायिका को पोषाहार वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने तथा सभी पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में THR उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों पर संचालित पोषण संबंधी योजनाओं की नियमित निगरानी एवं निरीक्षण के माध्यम से योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक सुगमता और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।



