District Adminstrationकिशनगंजपुलिसप्रमुख खबरेंबिहारब्रेकिंग न्यूज़राज्य

किशनगंज : राज्यपाल के आगमन पर शहर में रहे पुख्ता सुरक्षा इंतजाम

किशनगंज,08फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, महामहिम राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के किशनगंज आगमन को लेकर रविवार को शहर में सुरक्षा के कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से चौक-चौराहों सहित प्रमुख मार्गों पर पुलिस पदाधिकारियों एवं बल की व्यापक प्रतिनियुक्ति की गई थी।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत डॉग स्क्वायड की टीम ने हवाईअड्डा सहित कार्यक्रम से जुड़े सभी प्रमुख स्थलों की सघन जांच की। पूरे सुरक्षा प्रबंध की जिलाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार स्वयं निगरानी करते नजर आए।

हवाईअड्डा से कार्यक्रम स्थल तौहीद एजुकेशनल ट्रस्ट तक लगभग हर 200 मीटर की दूरी पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। हवाईअड्डा परिसर के आसपास कड़ा सुरक्षा घेरा बनाया गया था, जहां 500 मीटर की परिधि तक आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी। वहीं, राज्यपाल के गुजरने वाले मार्ग पर उनके आगमन से करीब 15 मिनट पूर्व ही आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया था।

कार्यक्रम स्थल पर भी सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। मौके पर जिलाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, एसडीपीओ वन गौतम कुमार, एसडीपीओ टू मंगलेश कुमार सहित प्रशासन एवं पुलिस के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा जिले के एक दर्जन से अधिक थानों के थानाध्यक्षों को विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया था।

कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच राज्यपाल का संपूर्ण कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!