जद(यू0) के जिला अध्यक्षों, प्रमंडल प्रभारियों एवं विधानसभा प्रभारियों की समीक्षात्मक बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने दिए कई दिशा-निर्देश

मुकेश कुमार/माइक्रो लेवल पर अभियान चलाकर संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में काम करें – उमेश सिंह कुशवाहा केंद्र और राज्य में एनडीए की सरकार 14 करोड़ बिहारवासियों के लिए स्वर्णिम क्षण – ललन कुमार सर्राफ
मंगलवार को जनता दल (यू0) प्रदेश कार्यालय, पटना के कर्पूरी सभागार में पार्टी के जिला अध्यक्षों, प्रमंडल प्रभारियों एवं विधानसभा प्रभारियों की एकदिवसीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जद(यू0) के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने की एवं इस दौरान उन्होंने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी पदाधिकारियों को कई जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही एनडीए जिलावार कार्यकर्ता सम्मेलन की ऐतिहासिक सफलता के लिए भी प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए भूरी-भूरी प्रशंसा की। बैठक के दौरान पार्टी के नवमनोनीत जिला प्रभारियों की नई सूची जारी की गई।
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने ‘‘2025 में 225 और फिर से नीतीश’’ के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की नीति, नीयत और निष्ठा का कोई मुकाबला नहीं है। नेताओं की भीड़ में हमारे नेता की छवि सबसे अलग है। ऐसे नेता के नेतृत्व और मार्गदर्शन में काम करना हम सभी के लिए परम सौभाग्य का विषय है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2025 में 225 सीटों पर जीत दर्ज करने हेतु पार्टी के तमाम साथियों को माइक्रो लेवल पर अभियान चलाकर संगठन को मजबूत बनाना है। उन्होंने बूथ जीतो और चुनाव जीतो का नारा दोहराते हुए सूबे के हरेक बूथ को सशक्त बनाने पर जोर दिया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जिस ऊर्जा के साथ प्रदेश के विकास में समर्पित होकर कार्य करते हैं, वह हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। चुनाव धीरे-धीरे काफी नजदीक आ रहा है इसलिए मेहनत और परिश्रम में कोई भी कमी नहीं आनी चाहिए। जद(यू0) कार्यकर्ताओं में अपार शक्ति और साहस है, हम पूरी ताकत के साथ काम करें तो बड़ी से बड़ी चुनौतियों को भी आसानी से फतह कर लेंगे।
माननीय विधानपार्षद सह पार्टी के कोषाध्यक्ष श्री ललन कुमार सर्राफ ने कहा कि हमारे नेता माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार 4 डिग्री से 44 डिग्री तक जनता की सेवा में सदैव तत्पर रहते हैं। प्रगति यात्रा की सफलता की चर्चा आज देश भर में हो रही है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने बिहार के विकास में दिल खोलकर सहयोग कर रही है, इसलिए 14 करोड़ प्रदेशवासियों के लिए यह स्वर्णिम क्षण है। केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार विकसित बिहार हेतु समर्पित होकर काम कर रही है। श्री सर्राफ ने कहा कि 225 सीटों पर जीत के संकल्प को पूरा करने की जवाबदेही कार्यकर्ताओं के कंधे पर है, हमें एकजुट होकर निर्धारित लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना है।
पार्टी के प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी (स्थापना) श्री चंदन कुमार सिंह ने कहा कि ‘‘2025 में 225 और फिर से नीतीश’’ के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में हमे मिल-जुलकर काम करना है। उन्होंने कहा कि समृद्ध बिहार के निर्माण हेतु माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के हाथों को और अधिक मजबूती देने की आवश्यकता है।
पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री बैद्यनाथ प्रसाद विकल ने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाना पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसे साकार करने हेतु पार्टी के तमाम साथियों को निष्ठापूर्वक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लेना है।
उक्त मौके पर माननीय विधानपार्षद श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, प्रकोष्ठों के प्रभारी प्रो. नवीन आर्य चंद्रवंशी, पार्टी के प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी श्री वासुदेव कुशवाहा, श्री अनिल कुमार एवं श्री परमह॔स कुमार उपस्थित रहे।