राजनीति

2024 में जुमलेबाजो से मुक्ति चाहती है देश की जनता – श्रवण कुमार।…

इंडिया गठबंधन को देशभर से मिल रहा है जनसमर्थन - सुनील कुमार।. ..

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा आजादी पर सवाल खड़े करना दुर्भाग्यपूर्ण -जयन्त राज

त्रिलोकी नाथ प्रसाद:-बुधवार को जनता दल(यू0) मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार, मद्य निषेध मंत्री श्री सुनील कुमार एवं लघु व जलसंसाधन मंत्री श्री जयंत राज ने सभी जिलों से पहुंचे आम जनों की शिकायतों को सुनकर नियमसंगत निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार ने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी की कोई व्यक्तिगत इच्छा नहीं है, उनकी इच्छा बस यही है कि 2024 में भाजपा मुक्त भारत बने और देश की जनता को जुमलेबाजो से मुक्ति मिले। जनता समझ चुकी है कि भाजपा के रहते देश का लोकतंत्र सुरक्षित नहीं है, देश का संविधान सुरक्षित नहीं है और देश के गरीबों का हक सुरक्षित नहीं है। भाजपा के लोग नफरत और हिंसा की बात करते हैं, उन्हें सिर्फ अपने कुर्सी की चिंता सताती रहती है लेकिन मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी बिहार और देश के हित में सोचते हैं, उन्होंने अपने 18 वर्षों के कार्यकाल में बिहार के अंदर अमन चैन और भाईचारे का माहौल स्थापित किया है। माननीय मंत्री श्री श्रवण कुमार ने केंद्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार की बात दूर है, उन्होंने बेगूसराय की जनता का भी भला नहीं किया है। विगत 3 वर्षों से प्रधानमंत्री आवास योजना में बिहार को एक भी लक्ष्य नहीं मिला है।

बिहार सरकार के मद्य निषेध मंत्री श्री सुनील कुमार ने कहा कि मुंबई में होने वाली विपक्षी एकता की बैठक में आगे की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा होगा एवं साथ ही विपक्षी दलों के शीर्ष नेता गठबंधन की रूपरेखा तय करेंगे। देश में बेरोजगारी, महंगाई जैसी गम्भीर समस्याओं से आम जनता त्रस्त है और साथ ही भाजपा द्वारा नफरत की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में एकजुट हुए विपक्षी गठबंधन को देश की जनता द्वारा जो जनसमर्थन मिल रहा है उससे प्रतीत होता है की हम 2024 में केंद्र की सत्ता से भाजपा को अपदस्थ करने में निश्चित ही कामयाब होंगे। शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षकों की छुट्टियां कम करने को लेकर पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए माननीय मंत्री ने कहा कि सभी के हितों को ध्यान में रखकर सरकार फैसला लेती है, निश्चित रूप से यह फैसला भी काफी सोच समझकर लिया गया होगा।
लघु एवं जलसंसाधन मंत्री श्री जयंत राज ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री सम्राट चैधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के अगुवाई में एकजुट हुए इंडिया गठबंधन की ताकत देखकर भाजपा के नेता बौखलाए हुए हैं और इसी बौखलाहट का प्रमाण है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आजादी की तारीख के सम्बंध में भी अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। एक तरफ जहां देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं वहीं दूसरी तरफ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के द्वारा इस तरह का गैरजिम्मेदाराना बयान आना निश्चित तौर पर दुर्भाग्यपूर्ण है। माननीय मंत्री श्री जयन्त राज ने यह भी कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी पूरे देशभर में लोकप्रिय हैं और उनकी छवि विकासपुरुष की है लेकिन फिर भी उन्हें पद की कोई लालसा नहीं है, विपक्षी दलों की बैठक में सभी दल सर्वसम्मति से आगे की रणनीति तय करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि चुनाव नजदीक आते देख मोदी सरकार द्वारा गैस सिलेंडर की कीमतों को कम किया गया है, 9 वर्षों से उन्हें कभी गरीबों का दर्द महसूस नही हुआ था लेकिन अब सत्ता जाने का डर सता रहा है इसलिए भाजपा इस तरह के हतकंडे अपना रही है।

जनसुनवाई कार्यक्रम में विधानपार्षद श्री संजय कुमार सिंह ‘‘गांधी जी’’ एंव पार्टी के प्रदेश महासचिव श्री अरुण कुमार सिंह उपस्थित थे।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!