ठाकुरगंज : क्या भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया पंचायत सरकार भवन

किशनगंज,08फरवरी(के.स.)। धर्मेंद्र सिंह, जिला के पोठिया प्रखंड अंतर्गत भोटाथाना पंचायत में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित पंचायत सरकार भवन भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। भवन निर्माण के कुछ ही दिनों बाद इसकी गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार हाल ही में भवन की छत पर पलस्तर का कार्य कराया गया था, लेकिन अब पलस्तर टूटकर गिरने लगा है। इतना ही नहीं, भवन के कमरों की दीवारों में भी दरारें दिखाई देने लगी हैं, जिससे निर्माण कार्य में भारी लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई और मनमाने तरीके से काम कराया गया। लोगों का कहना है कि सरकारी राशि का बंदरबांट होने के कारण गुणवत्ताहीन निर्माण हुआ है, जिसका खामियाजा अब सामने आ रहा है।
पंचायत सरकार भवन का उद्देश्य ग्रामीणों को बेहतर प्रशासनिक सुविधा देना था, लेकिन भवन की हालत देखकर लोग निराश हैं। मामले को लेकर जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि यदि गुणवत्ता का अभाव पाया जायेगा तो कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई करने और भवन की मरम्मत कराने की मांग उठ रही है।

