ठाकुरगंज : मनाया गया 77 वां गणतंत्र दिवस

किशनगंज,26जनवरी(के.स.)। फ़रीद अहमद, 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, मुख्यालय ठाकुरगंज के समस्त समवायों एवं वाह्य सीमा चौकियों द्वारा 77वाँ गणतंत्र दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सभी समवायों एवं सीमा चौकियों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा मिष्ठान वितरण किया गया।
सर्वप्रथम वाहिनी मुख्यालय में स्वर्ण जीत शर्मा, कमांडेंट, 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, ठाकुरगंज द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा समस्त बलकर्मियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर कमांडेंट ने महानिदेशक का संबोधन पढ़कर सुनाया तथा बताया कि आज पूरा देश अपना 77वाँ गणतंत्र दिवस मना रहा है।
कमांडेंट ने कहा कि हमारे सभी जवान निःस्वार्थ भाव से भारतीय गणतंत्र के गौरव, एकता एवं अखंडता को बनाए रखने हेतु पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। चाहे वे किसी भी क्षेत्र में तैनात हों—वामपंथ उग्रवाद एवं आतंकवाद प्रभावित क्षेत्रों सहित—सभी स्थानों पर अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं। साथ ही, वाहिनी द्वारा सीमांत क्षेत्रों में चलाए जा रहे मानव कल्याण कार्यक्रमों के माध्यम से सीमांत जनता के बीच देशप्रेम की भावना को भी सुदृढ़ किया जा रहा है।
इसके उपरांत कमांडेंट द्वारा अपनी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सेवा पदक प्राप्त बलकर्मियों को बधाई दी गई तथा वाहिनी में अपने कार्यों को कुशलता, निष्ठा एवं ईमानदारी से करने हेतु प्रेरित किया गया। तत्पश्चात कमांडेंट द्वारा सम्मान गार्ड के सदस्यों को मिष्ठान वितरित किया गया।
इस कार्यक्रम के दौरान एम. ब्रोजेन सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी, राजीव शर्मा, उप कमांडेंट, बिनोद कुमार दास, उप कमांडेंट, विकास कुमार पाण्डेय, उप कमांडेंट, जगजीत बहादुर जेगवार, उप कमांडेंट सहित समस्त अधीनस्थ अधिकारीगण एवं जवान 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, ठाकुरगंज उपस्थित रहे।
ठाकुरगंज प्रखंड क्षेत्र में हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में समारोह का किया गया आयोजन
किशनगंज। ठाकुरगंज में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को ठाकुरगंज प्रखंड क्षेत्र में हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में समारोह का आयोजन किया गया। प्रखंड कार्यालय, थाना परिसर, विद्यालयों एवं विभिन्न सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया और राष्ट्रगान गाया गया।
गणतंत्र दिवस के मौके पर पूरे क्षेत्र में देशभक्ति की भावना देखने को मिली और लोगों ने भारत माता की जय के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन किया। इसी क्रम में ठाकुरगंज प्रखंड के पंचायत सरकार भवन बरचौंदी में भी राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया और राष्ट्रगान गाने के बाद देशभक्ति के नारे भी लगाए गए।
इस दौरान मौके पर पंचायत की मुखिया, मुखिया प्रतिनिधि बिरेंद्र प्रसाद सिंह , स्थानीय सरपंच सहित कई वार्ड सदस्य और आमजन मौजूद रहे।


