
रांची// राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में रहने वाली एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 21 वर्षीय सजबीन परवीन का शव उसके ससुराल के कमरे में संदेहास्पद स्थिति में मिला। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी सजबीन की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप दिया गया है। यह घटना लोअर बाजार थाना क्षेत्र के रमजान कॉलोनी की है।
संदिग्ध स्थिति में पाया गया शव…
अपने ससुराल में रह रही सजबीन परवीन का शव संदिग्ध हालत में सोमवार की रात उसके कमरे में पाया गया। मौत की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग रांची पहुंचे और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट भी हुई। सूचना मिलने पर पहुंची लोअर बाजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
पिता की संपत्ति में हिस्सा मांगकर लाने का था दबाव…
मृतका के परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही सजबीन को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उस पर मायके से संपत्ति में हिस्सा मांगने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि जब ससुराल वाले अपने इरादों में सफल नहीं हो पाए तो उन्होंने सजबीन की हत्या कर दी और बाद में इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
लोअर बाजार थाने में एफआईआर दर्ज …
मृतका के घर वालों ने लोअर बाजार थाना में एफआईआर दर्ज करवाया है जिसमें जहीरुल इस्लाम, बेटा राहिल, नाजिश, दानिश, मां शहनाज खातून, बहन शाजिया परवीन व उसका पति कैफ़ी और चाचा मो मंसूर शामिल है। इनके खिलाफ मारपीट, और दहेज मांगने का मामला दर्ज करवाया गया है। इधर लोअर बाजार थाना प्रभारी रणविजय शर्मा ने एफआईआर दर्ज कर पति नाजिश जाहिर को जेल भेज दिया है।आगे अनुसंधान जारी है।पोस्टमार्टम के बाद मृतका के घर वाले शव को लेकर बिहार के अरवल रवाना हो चुके हैं।
लोअर बाजार थाना प्रभारी ने बताया…
लोअर बाजार थानेदार रणविजय शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौत का समय सोमवार रात करीब 8 बजे का बताया जा रहा है, लेकिन इसकी सूचना पुलिस को रात करीब 2 बजे दी गई। सूचना देने में हुई देरी के कारण मामला संदेहास्पद प्रतीत हो रहा है। थानेदार ने आगे मीडिया को बताया कि जिस कमरे में शव मिला है, वहां एफएसएल की टीम से जांच करवाई गई है।फिलहाल एफआईआर दर्ज कर आरोपी पति नाजिश जाहिर को जेल भेज दिया है।आगे अनुसंधान जारी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व एफएसएल जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा।
परिजनों ने मीडिया को दी जानकारी…
मीडिया से बात करते हुए मृतका के परिवार वालों ने बताया कि लड़की के ससुराल वालों की तरफ से 20 लाख रुपए कैश की डिमांड की जा रही थी और नहीं देने पर पति और उसके घर वालों के द्वारा बड़ी बेरहमी से सज़वीन परवीन को बेल्ट से पीठ में पीटा जाता था। आगे परिवार वालों ने कहा कि शव को देखने से यह प्रतीत होता है कि ससुराल वालों के द्वारा बेरहमी से मारपीट कर गला घोटकर हत्या कर दिया गया है और उसके बाद उसके शव को हुक में बांधकर लटका दिया गया है ताकि उसे आत्महत्या का रूप दिया जाए। लड़की के पिता का कहना है कि मेरी बेटी को जानबूझकर दहेज के लोभ में ससुराल वालों ने मार दिया।
13 जून 2025 को हुई थी शादी…
मृतका के भाई ने बताया कि सजबीन परवीन की शादी 13 जून 2025 को रांची के एक होटल में धूमधाम से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही उसका पति उसे प्रताड़ित करने लगा था।उस पर मायके से संपत्ति का हिस्सा मांगने के लिए दबाव बनाया जाता था, साथ ही साथ अलग·अलग समय पर पैसे की डिमांड भी की जाती थी। परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि पूरे मामले की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

मृतका सजबीन परवीन
पति नाजिश जाहिर


