पटना मेट्रो रेल के भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक सफल ट्रायल रन संपन्न

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/. पटना शहर के लिए गर्व का क्षण है कि पटना मेट्रो के भूतनाथ स्टेशन से मलाही पकड़ी स्टेशन तक का ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। यह उपलब्धि शहर में आधुनिक एवं सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
यह ट्रायल रन एलिवेटेड कॉरिडोर पर निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप संचालित किया गया। परीक्षण के दौरान मेट्रो ट्रेन को विभिन्न गति स्तरों पर चलाकर निम्नलिखित पहलुओं की गहन जांच की गई—
सिग्नलिंग सिस्टम की कार्यक्षमता
ब्रेकिंग सिस्टम का प्रदर्शन
ट्रैक और ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन सिस्टम
स्टेशन समन्वय एवं संचार व्यवस्था
आपातकालीन सुरक्षा प्रोटोकॉल
तकनीकी विशेषज्ञों एवं अभियंताओं की उपस्थिति में ट्रेन को निर्धारित अधिकतम गति तक चलाकर सभी सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया। ट्रायल के दौरान ट्रेन का संचालन पूरी तरह संतोषजनक पाया गया।
इस सफल परीक्षण के बाद अब अगला चरण सुरक्षा निरीक्षण एवं अंतिम स्वीकृति का होगा। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही इस खंड पर वाणिज्यिक परिचालन प्रारंभ करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक मेट्रो सेवा प्रारंभ होने से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को जाम से राहत मिलेगी तथा शहर में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और सुव्यवस्थित होगी।



