*टीचर के साथ चली गई छात्रा*

भुवनेश्वर से पिता को किया फोन, बोली-‘आप चिंता मत करना, मैं करने जा रही हूं शादी’*
उमेश कसेरा गोरखपुर;* खोराबार क्षेत्र की रहने वाली एक छात्रा भुवनेश्वर के रहने वाले शिक्षक के साथ चली गई है। गायब होने के बाद परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे कि 15 घंटे बाद छात्रा ने पिता को फोन कर भुवनेश्वर में होने की जानकारी दी। पिता ने खोराबार थाने में शिक्षक के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया है।
छात्रा के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि उनकी बेटी इंटर की छात्रा है। दो साल पहले वह क्षेत्र के एक स्कूल में पढ़ती थी। ओडिशा, भुवनेश्वर के रेलवे स्टेशन लेन नंबर चार के पास रहने वाला पृथ्वी पांड्या स्कूल में फिजिक्स पढ़ाता था वह फोन पर उनकी बेटी से बातचीत करता था। संदेह होने पर घरवालों ने कई बार बेटी से पूछा तो उसने पढ़ाई के बारे में बात करने की जानकारी दी। आरोपित शिक्षक कुरियर से उनके घर नोट्स भी भेजा करता था।
15 जून की सुबह उनकी बेटी घर से कुछ सामान लेकर निकल गई। जानकारी होने पर उसकी खोजबीन शुरू की गई लेकिन पता नहीं चला। मोबाइल नंबर भी बंद था। सहेलियों से पूछने पर उन्होंने जानकारी होने से इंकार कर दिया। रात में नौ बजे बेटी का फोन आया। उसने कहा कि पापा मैं पृथ्वी के साथ भुवनेश्वर आ गई हूं। उसी के साथ शादी करूंगी। परेशान मत होइएगा। छात्रा के पिता ने अनहोनी की आशंका जताई है।