प्रमुख खबरेंराज्य

*मशाल 2024 : जहानाबाद के छात्र-छात्राओं ने दिखाया खेल कौशल*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/जहानाबाद जिले के सभी 99 संकुलों में “मशाल 2024” के अंतर्गत संकुल स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में एथलेटिक्स, साइक्लिंग, कबड्डी, वॉलीबॉल और फुटबॉल सहित पांच प्रमुख खेल विधाओं में कुल 6955 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस त्रिदिवसीय कार्यक्रम की अनुश्रवण जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की गई। 24 मई को समग्र शिक्षा संकुल काजीसराय में कार्यक्रम का समापन हुआ, जहाँ जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति में चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती रश्मि रेखा एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी समग्र शिक्षा, श्रीमती सुष्मिता भारद्वाज भी उपस्थित रहीं।

जिला पदाधिकारी महोदया ने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि खेल न केवल अनुशासन और नेतृत्व कौशल का विकास करते हैं, बल्कि शारीरिक और मानसिक रूप से युवाओं को सशक्त बनाते हैं। उन्होंने खेलों में निरंतर भागीदारी को प्रोत्साहित करते हुए विद्यार्थियों से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की आशा व्यक्त की।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पदाधिकारियों ने विभिन्न संकुलों का भ्रमण कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता की सफलता में शिक्षकों, संकुल समन्वयकों एवं खेल प्रशिक्षकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जिला स्तर की संकुल प्रतियोगिता के उपरांत, राज्य कार्यालय द्वारा निर्धारित तिथि के अनुसार प्रखंड स्तर की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसके माध्यम से अगले चरण के लिए प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।

“मशाल 2024” का यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का प्रयास है, बल्कि यह जहानाबाद जिले में समग्र शिक्षा एवं खेल संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!