टेबल टॉप एक्सरसाइज में तैयार हुई आपदा प्रबंधन पर मजबूत रणनीति।…
- आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से आयोजित अभ्यास कार्यक्रम में कमियों की पहचान के साथ की गई संसाधनों की समीक्षा
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/राज्य के चयनित जिलों में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय भौतिक अर्थक्विक मॉक एक्सरसाइज (एमई) के सफल संचालन के लिए बुधवार को बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (बीएसडीएमए), पटना में टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन हुआ। यह अभ्यास बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. उदय कांत मिश्रा की अध्यक्षता में किया गया। अभ्यास के सूत्रधार के रूप में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के रिटायर्ड मेजर जनरल सुधीर बहल ने आगामी भौतिक मॉक अभ्यास की रणनीति, तैयारियों, समन्वय तंत्र एवं मानक संचालन प्रक्रियाओं की समीक्षा की। उन्होंने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि टेबल टॉप एक्सरसाइज भौतिक अभ्यास पूर्व संभावित कमियों की पहचान, संसाधनों की समीक्षा और सुधारात्मक कदम सुनिश्चित करने का एक महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म है।
आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से संयुक्त सचिव नदीमुल गफ्फार सिद्दीकी ने पूर्व बाढ़ आपदाओं से प्राप्त अनुभवों के आधार पर भूकंप मॉक अभ्यास से संबंधित तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) दिया। इस टेबल टॉप एक्सरसाइज में आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी प्रमुख विभागों एवं एजेंसियों के अधिकारियों ने भाग लिया। अभ्यास के दौरान सर्च एंड रिसर्च, फायर फाइटिंग, मेडिकल रिस्पांस, संचार व्यवस्था की बहाली, विधि व्यवस्था संधारण, डैमेज एसेसमेंट और राहत शिविर संचालन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर रणनीतियों को अंतिम रूप दिया गया। राज्य एवं जिला स्तर पर स्टेट इमर्जेंसी ऑपरेशंस सेंटर (एसइओसी) एवं डिस्ट्रिक्ट इमर्जेंसी ऑपरेशंस सेंटर (डीइओसी) की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सचिव मोहम्मद वारिस खान, संयुक्त सचिव अविनाश कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी संदीप कुमार सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं हितधारक उपस्थित थे। कार्यक्रम में पटना, सुपौल, मधुबनी, सीतामढ़ी, पश्चिम चंपारण, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, वैशाली आदि जिलों के प्रशासनिक एवं तकनीकी अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की।
…………………
नोटः सर, यह रिलीज अभी अभी अमन प्रकाश ने भेजी थी



