
दिनांक 27 जनवरी, 2022
लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष व जमुई सांसद आदरणीय श्री चिराग पासवान और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री राजू तिवारी ने बक्सर जिले के अमसारी गांव में जहरीली शराब से हुई 6 लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया है। लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री चिराग ने इस घटना में सभी मृतको के शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। इस घटना में अब तक कुल 6 लोगों की मौत हुई है और चार लोगों की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है बावजूद प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी द्वारा प्रभावित परिवारों के प्रति अब तक कोई संवेदना ना व्यक्त किया जाना बेहद दुखद है। श्री चिराग ने आगे कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार जहरीली शराब पीने से प्रदेशवासियों की मौत निरंतरता में हो रही है और सरकार पूरी तरह चुप्पी साधी हुई है। प्रशासन और सत्ता के संरक्षण में अवैध और जहरीली शराब का धंधा प्रदेश भर में पूरी तरह फल-फूल रहा है। शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त माफियाओं द्वारा पूरे प्रदेश में शराब की होम डिलीवरी धड़ल्ले से की जा रही है जिससे स्पष्ट होता है कि प्रदेश में सरकार का इकबाल खत्म हो गया है । शराबबंदी कानून का पालन कराने में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी पूरी तरह विफल है। लोजपा रामविलास ने इस घटना में संलिप्त सभी दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी और उन पर स्पीडी ट्रायल के तहत कठोर से कठोर ढ़ंड सुनिश्चित करने की मांग की है।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्री राजेश भट्ट ने कहा कि राज्य के कई जिलों में अबतक जहरीली शराब ने कई घरों को उजाड़ दिया हैं। बावजूद मुख्यमंत्री जी हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं जबकि प्रदेश के मुख्यमंत्री के पास गृह विभाग की भी जिम्मेवारी है। लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री के उदासीनता का खामियाजा राज्य के निर्दोष लोगों को उठानी पड़ रही है। जो बेहद चिंता का विषय है ।
उक्त आशय कि जानकारी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेश भट्ट ने दी।

