ताजा खबर

*राज्य स्तरीय खेल-कूद एवं साहित्यिक-सांस्कृतिक प्रतियोगिता ‘उमंग-2026’ का शुभारंभ; 7 से 12 फरवरी तक पटना में होंगे खेल-कूद व सांस्कृतिक आयोजन ।*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद /विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अधीन संचालित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालयों एवं राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित राज्य स्तरीय वार्षिक खेल-कूद एवं साहित्यिक-सांस्कृतिक प्रतियोगिता ‘उमंग-2026’ का शुभारंभ आज माननीय मंत्री, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग श्री सुनील कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभागीय सचिव डॉ. प्रतिमा, निदेशक श्री अहमद महमूद सहित विभाग के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

उद्घाटन अवसर पर माननीय मंत्री श्री सुनील कुमार ने कहा कि शैक्षणिक सत्र 2023-24 से ‘उमंग’ का नियमित आयोजन इस उद्देश्य से किया जा रहा है कि राजकीय तकनीकी संस्थानों में सह-पाठ्यक्रम एवं गैर-शैक्षणिक गतिविधियों को एक सुव्यवस्थित, निरंतर और राज्य स्तरीय मंच उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों में अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता, प्रतिस्पर्धात्मक भावना तथा आत्मविश्वास का विकास करते हैं, जो तकनीकी शिक्षा के साथ उनके समग्र व्यक्तित्व निर्माण के लिए आवश्यक है।

माननीय मंत्री ने कहा कि उमंग-2026 के माध्यम से राज्य के विभिन्न प्रमंडलों से चयनित छात्र-छात्राओं को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालयों एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेल-कूद एवं साहित्यिक-सांस्कृतिक मंच भी समान रूप से उपलब्ध हो।

माननीय मंत्री ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने खेल के क्षेत्र में निरंतर प्रगति की है। राज्य में आधुनिक खेल अवसंरचना का विकास, नए स्टेडियमों का निर्माण, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन तथा “मेडल पाओ, नौकरी पाओ” जैसी योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘उमंग-2026’ इसी दूरदर्शी सोच और नीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए विभागीय सचिव डॉ. प्रतिमा ने बताया कि उमंग का आयोजन तीन-स्तरीय संरचना के अंतर्गत किया जाता है। प्रथम चरण में सभी राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालयों एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों में संस्थान स्तर पर प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाती हैं। द्वितीय चरण में प्रमंडल स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित कर विजेताओं का चयन किया जाता है, जबकि तृतीय चरण में प्रमंडल विजेताओं के लिए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उमंग-2026 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के लिए 07 फरवरी से 09 फरवरी 2026 तक तथा राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालयों के लिए 10 फरवरी से 12 फरवरी 2026 तक आयोजित की जा रही है।

उन्होंने आगे बताया कि खेल-कूद प्रतियोगिताएँ पाटलिपुत्रा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पटना में आयोजित होंगी, जबकि साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ राजकीय पॉलिटेक्निक, गुलजारबाग, पटना-7 में संपन्न होंगी। राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों से खेल-कूद प्रतियोगिताओं में लगभग 900 छात्र-छात्राएँ एवं 400 शिक्षक, जबकि साहित्यिक-सांस्कृतिक गतिविधियों में लगभग 200 छात्र-छात्राएँ भाग लेंगी। इसी प्रकार राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालयों से खेल-कूद प्रतियोगिताओं में लगभग 900 छात्र-छात्राएँ एवं 400 शिक्षक तथा साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में लगभग 200 छात्र-छात्राएँ प्रतिभाग करेंगे।

इस अवसर पर निदेशक श्री अहमद महमूद ने कहा कि ‘उमंग-2026’ के माध्यम से तकनीकी संस्थानों में सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को एक सुसंगठित, प्रतिस्पर्धात्मक और राज्य स्तरीय पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि आयोजन के सफल संचालन हेतु सभी संबंधित संस्थानों, नोडल अधिकारियों एवं आयोजन समितियों के बीच समन्वय सुनिश्चित किया गया है, जिससे प्रतिभागी छात्रों को एक अनुशासित एवं सकारात्मक वातावरण प्राप्त हो सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!