*सामूहिक पहल से बचेगा पानी और बढ़ेगी हरियाली, आईपीआरडी की राज्यस्तरीय परिचर्चा में बनी रणनीतियाँ* *जल है तो जीवन हैः जल-जीवन-हरियाली दिवस पर राज्यस्तरीय परिचर्चा, सामूहिक पहल से सतत विकास की ओर कदम*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/सामूहिक पहल पर विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने रखे अपने-अपने विचार
-जल और पर्यावरण संरक्षण पर लोगों में जागरूकता लाने सोशल मीडिया और दूसरे माध्यमों को अपनाने पर जोर।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संवाद कक्ष में जल-जीवन-हरियाली दिवस पर राज्यस्तरीय परिचर्चा एवं संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। इस परिचर्चा का मुख्य विषय जन-जागरूकता से सतत विकास की ओर सामूहिक पहल रखा गया था। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सूचना एवं जन संपर्क विभाग के अपर सचिव श्री राजीव कुमार सिंह ने कहा कि जल-जीवन-हरियाली का सीधा अर्थ है, जल है तभी जीवन है, और हरियाली होगी तभी जीवन सुरक्षित रहेगा।
उन्होंने कहा कि यह अभियान अब केवल एक योजना नहीं, बल्कि सभी विभागों के कोर एजेंडे में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में रहने वाले लोगों की सोच में बदलाव लाने की जरूरत है। उन्होंने उदाहरण दिया कि समृद्ध वर्ग के लोग पानी का बेहिसाब इस्तेमाल (गाड़ी/फर्श धोना) यह सोचकर करते हैं कि पानी उनका है, जबकि जल संपूर्ण समाज की साझी संपदा है।
उन्होंने कार्यक्रम में शामिल विभागों के नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि कंटेंट-बेस्ड इम्पैक्ट स्टोरीज और टेस्टिमोनियल्स की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं ताकि आम जनता पर इसका गहरा प्रभाव पड़े और व्यवहारगत परिवर्तन आए। इस अवसर पर जल-जीवन-हरियाली अभियान के उप मिशन निदेशक श्री राम कुमार पोद्दार ने सार्वजनिक जल संचयनों का संरक्षण, संवर्धन और नव निर्माण से संबंधित विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि बिहार में अभी तक 17,544 सार्वजनिक जल संचयन संरचनाओं और 10,964 सार्वजनिक कुओं को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। इसी के साथ करीब 1.10 लाख से भी अधिक सार्वजनिक जल संचयन संरचनाओं (तालाब/पोखर/आहर/पाइन) का जीर्णोद्धार कार्य पूरा किया गया है। उन्होंने कार्यक्रम में चापाकल, कुओं के किनारे किए गए सोख्ता निर्माण, चेकडैम और नए जल स्रोतों का सृजन, सरकारी भवनों पर बनाए गए छत वर्षा जल संचयन संरचनाओं और सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना आदि विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।
श्री राम कुमार पोद्दार, उप– मिशन निदेशक, जल–जीवन–हरियाली अभियान ने बताया कि अभियान के तहत राज्य में अभी तक 23.64 करोड़ से भी अधिक पौधरोपण किया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए राज्य में हर माह के प्रथम मंगलवार को जल-जीवन-हरियाली दिवस आयोजित किया जाता है। इस अवसर पर सूचना एवं जन संपर्क विभाग के सहायक निदेशक प्रेस श्री विनीत कुमार सिन्हा ने कहा कि आज पूरे विश्व में जलवायु परिवर्तन एक गंभीर और चुनौतीपूर्ण समस्या है। इसके कारण एंटी-माइक्रोबियल रेसिस्टेंस (एएमआर) और नई-नई बीमारियां मानव जाति के लिए गंभीर खतरा बन रही हैं। आईपीआरडी पारंपरिक मीडिया (रेडियो, प्रिंट, होर्डिंग, नुक्कड़ नाटक) के साथ-साथ अब आईवीआर सिस्टम, पर्सनल कॉलिंग और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स (जैसे वेब सीरीज/विशेष एपिसोड्स) के जरिए भी जल-जीवन-हरियाली का प्रचार-प्रसार व्यापक स्तर पर करने की योजना बना रहा है।
कार्यक्रम में जल-जीवन-हरियाली अभियान की सफलता में शामिल 14 विभागों नगर विकास एवं आवास, मत्स्य निदेशालय, शिक्षा आदि के नोडल पदाधिकारियों ने पर्यावरण और जल संरक्षण की दिशा में किए जा रहे विभागीय कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की। साथ ही लोगों में जागरूकता लाने संबंधी अपने-अपने सुझाव रखे। इस अवसर पर सूचना एवं जन संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक श्री रवि भूषण सहाय, नागेंद्र कुमार गुप्ता, आंतरिक वित्तीय सलाहकार श्री रिजवान अहमद, संयुक्त सचिव श्री कामेश्वर मिश्र, उप निदेशक श्री रविन्द्र कुमार, परिमल कुमार, सत्येंद्र प्रसाद, अवर सचिव अजय प्रकाश समेत विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। स्वागत भाषण उप निदेशक श्री सुनील कुमार पाठक ने दिया और मंच संचालन श्रीमती नुपूर झा, सहायक निदेशक के द्वारा किया गया।
…………………………………………..


