District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज पुलिस का विशेष अभियान, 58 गिरफ्तार, 80.9 किलो गांजा और 692 लीटर शराब बरामद

किशनगंज, 01 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर किशनगंज पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर 24 से 30 अगस्त तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 58 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान अवैध बालू, शराब, मादक पदार्थ, पशु तस्करी, गृहभेदन और बाइक चोरी समेत अन्य मामलों में कार्रवाई की गई।

पुलिस की ओर से जारी साप्ताहिक उपलब्धि के अनुसार, वाहन जांच और यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में 4 लाख 3 हजार 500 रुपये की शमन राशि वसूल की गई। अभियान के दौरान 57.58 ग्राम स्मैक, ब्राउन शुगर और हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं 80.900 किलोग्राम गांजा भी जब्त किया गया।

शराब के खिलाफ कार्रवाई में 692.205 लीटर विदेशी शराब और 44 लीटर देसी शराब बरामद की गई। इसके अलावा 20 लीटर जावा शराब को विनष्ट किया गया। पुलिस ने तीन मोटरसाइकिल, एक कार, चार टोटो और एक जुगाड़ गाड़ी भी जब्त की। कार्रवाई के दौरान तीन मोबाइल फोन, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू, तीन मवेशी और चांदी के तीन पायल भी बरामद किए गए।

इसके अलावा दो बैटरी व इन्वर्टर, पांच सीसीटीवी कैमरे और 30 पैकेट यूरिया जब्त किए गए। विभिन्न मामलों में पुलिस ने 6 लाख 98 हजार 70 रुपये भारतीय मुद्रा भी बरामद की।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ, तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button