District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

POSH अधिनियम पर किशनगंज के पोठिया में विशेष जागरूकता अभियान आयोजित

कामकाजी महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा और कानूनों पर दी गई विस्तृत जानकारी

किशनगंज,08सितम्बर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह,
महिला एवं बाल विकास निगम, किशनगंज के अंतर्गत संचालित जिला हब फॉर इंपावरमेंट ऑफ विमेन (DHEW) के तत्वावधान में कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध एवं निवारण) अधिनियम 2013 (POSH Act) पर आधारित एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को पोठिया प्रखंड सभागार में किया गया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को POSH अधिनियम, पॉक्सो एक्ट और उनके कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की घरेलू हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में टोल फ्री हेल्पलाइन 181, इमरजेंसी सेवा 112 तथा बाल सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का कैसे उपयोग किया जा सकता है।

जागरूकता अभियान के अंतर्गत उपस्थित महिलाओं और कर्मियों को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आत्मनिर्भरता, आत्मरक्षा तकनीक और साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ भी दी गईं।

कार्यक्रम में विशेष रूप से She-Box पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया और हर संस्थान में आंतरिक शिकायत समिति (Internal Committee) के गठन की आवश्यकता पर बल दिया गया, जिससे कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर प्रखंड स्वास्थ्य प्रभारी अधिकारी पोठिया, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पोठिया, जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ विमेन के जिला मिशन कोऑर्डिनेटर मोहम्मद शहबाज आलम, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रोशनी परवीन, सभी महिला पर्यवेक्षिका एवं एएनएम मौजूद रहीं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!