सीताराम शर्मा अध्यक्ष और रामचंद्र महतो चुने गए महासचिव किसान सभा का 35 वाँ राज्य सम्मेलन संपन्न
कुणाल कुमार/मोतिहारी। बिहार राज्य किसान सभा का 35 वाँ सम्मेलन 3-5 मार्च को का॰ पीताम्बर सिंह नगर, टाउन हॉल मोतिहारी में संपन्न हो गया। सम्मेलन के अंतिम दिन बुधवार को नई राज्य परिषद, राज्य कार्यकारिणी और राज्य सचिव मंडल का चुनाव हुआ। 101 सदस्यीय राज्य परिषद,25 सदस्यीय राज्य कार्यकारिणी और 11 सदस्यीय राज्य सचिव मंडल का चुनाव सर्वसम्मति से हुआ। नई राज्य परिषद की बैठक में सीताराम शर्मा अध्यक्ष और रामचन्द्र महतो राज्य महासचिव चुने गए। राज्य उपाध्यक्ष प्रमोद प्रभाकर, सुरेंद्र सौरभ, रामाधार सिंह व रघुनाथ सिंह चुने गए जबकि राज्य सचिव मिथिलेश कुमार झा, रविंद्रनाथ राय, मुन्नी लाल पासवान व सुरेश यादव तथा प्रभाकर सिंह कोषाध्यक्ष चुने गए।
इस आशय की जानकारी आज यहाँ प्रेस विज्ञप्ति जारी कर किसान सभा के राज्य अध्यक्ष सीताराम शर्मा और महासचिव रामचन्द्र महतो ने दी। किसान नेताओं ने कहा कि राज्य सम्मेलन में सभी जिलो से चुने हुए सात सौ किसान प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन का उदघाटन अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजन क्षत्र सागर ने किया जबकि अभिनंदन राष्ट्रीय महासचिव रायुला वेंकैया, भाकपा के राष्ट्रीय सचिव नागेंद्र नाथ ओझा, राष्ट्रीय सचिव रामकृष्ण पांडा, सीपीआई के राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय, बिहार महिला समाज की महासचिव राजश्री किरण, आदि ने किया। स्वागत भाषण स्वागत समिति के अध्यक्ष प्रभाकर जायसवाल ने किया।सम्मेलन में खेती और किसानी पर उत्पन्न संकट, केन्द्र व राज्य सरकार की आर्थिक एवं कृषि नीति पर गंभीरता पूर्वक विचार किया गया। बाढ़, सुखाड़ के स्थायी निदान, न्यूनतम समर्थन मूल्य को कानूनी गारंटी देने, ऋण माफी, फसल बीमा, किसान पेंशन आदि पर प्रस्ताव पारित किए गए। सरकार को घेरने की रणनीति और संघर्ष तेज करने का संकल्प लेगा।