किशनगंज : तुलसिया हॉल्ट के पास युवती से मारपीट मामले में चौथे आरोपी को एसआईटी ने किया गिरफ्तार
एसआईटी गुजरात से कर रही थी ट्रैक, अब तक चार आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी
किशनगंज, 27 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के दिघलबैंक थाना क्षेत्र के तुलसिया हॉल्ट रेलवे स्टेशन के पास युवती से मारपीट और डांट-फटकार से संबंधित पुराने वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने चौथे आरोपित को रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर गठित एसआईटी ने मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर गुजरात में रह रहे आरोपित को ट्रैक कर दिघलबैंक थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
रविवार को किशनगंज पुलिस के द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 24 और 25 सितंबर की देर रात सोशल मीडिया पर पुराना वीडियो वायरल हुआ था। मामला संज्ञान में आते ही एसपी के निर्देश पर तुरंत विशेष जांच दल का गठन किया गया था। तकनीकी जांच और वीडियो के गहन अवलोकन के बाद घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान करते हुए त्वरित कार्रवाई के चलते मामले में तीन आरोपियों को 25 और 26 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया गया था। अब तक कुल चार आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिघलबैंक थाना क्षेत्र के जागीर दहीभात निवासी शहजाद के रूप में हुई है। इससे पहले पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 25 और 26 सितंबर को तीन अन्य आरोपितों शहजाद, मिनाज उर्फ सलमान और अफसर आलम को गिरफ्तार किया था।
अन्य आरोपितों के लिए छापेमारी जारी
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से घटना के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। अनुसंधान के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस बेहद मुस्तैदी से काम कर रही है।
एसपी की अपील
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एसडीपीओ टू के नेतृत्व में गठित एसआईटी के द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई के दौरान चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी संतोष कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि वे घटना से संबंधित किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना पर बिल्कुल ध्यान न दें। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट वीडियो या भ्रामक सामग्री को प्रसारित न करने की हिदायत दी है।



