ताजा खबर

सोची-समझी साजिश के तहत सरकार और बिहार को बदनाम करने में जुटा है विपक्ष – शंभू नाथ सिन्हा

त्रिलोकी नाथ प्रसाद।प्रदेश जद (यू) प्रवक्ता श्री शंभू नाथ सिन्हा ने बयान जारी कर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष एक सोची-समझी रणनीति के तहत राज्य सरकार के खिलाफ नकारात्मक माहौल बनाने और बिहार की छवि को देश-दुनिया में खराब करने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने विपक्षी दलों से सवाल पूछते हुए कहा कि पुराने वीडियो को सिलसिलेवार तरीके से जारी कर वे आखिर बिहार की कैसी छवि देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत करना चाहते हैं? उन्होंने कहा कि किसी भी घटना को राजनीतिक रंग देने के बजाय यह देखना चाहिए कि सरकार ने उस पर क्या कार्रवाई की है।

उन्होंने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि एनडीए शासन के दौरान ऐसी कोई घटना बताई जाए, जिसमें सरकार ने मामले की जानकारी मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई नहीं की हो या दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई न की गई हो। उन्होंने कहा कि जमुई की दुखद घटना के मामले में आरजेडी सांसद श्रीमती मीसा भारती द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराने की कवायद महज राजनीतिक ड्रामेबाजी के अलावा और क्या है, यह विपक्ष को स्पष्ट करना चाहिए।

जमुई की घटना के मामले में मुख्यमंत्री ने अपने ही सचिवालय से जुड़े दोषी व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया है। इससे स्पष्ट है कि सरकार किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या आपराधिक गतिविधि के मामले में कार्रवाई को लेकर गंभीर है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मानसिक एवं सामाजिक अपराधों की रोकथाम केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। सरकार के साथ-साथ विपक्ष, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे मामलों में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप करने के बजाय समाज में जागरूकता बढ़ाने और संवेदनशीलता का वातावरण बनाने के लिए सभी पक्षों को मिलकर काम करना चाहिए।

उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वह केवल सरकार पर अनर्गल आरोप लगाने और पुरानी घटनाओं को राजनीतिक हथियार बनाने के बजाय सामाजिक जागरूकता एवं अपराध की रोकथाम के प्रयासों में सरकार का सहयोग करे। बिहार की छवि को बेहतर बनाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की जिम्मेदारी सभी राजनीतिक दलों और समाज के प्रत्येक वर्ग की है।

 

Related Articles

Back to top button