सहरसा : जिलाधिकारी ने शहर में पीएनजी प्रथम कमर्शियल कनेक्शन का शुभारंभ किया

सहरसा, 07 सितंबर (के.स.)। अजय कुमार, शहर में स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक ईंधन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई। जिलाधिकारी दीपेश कुमार द्वारा शहर के रेनबो रिसॉर्ट, डी.बी. रोड में जिले के प्रथम पीएनजी कमर्शियल कनेक्शन का शुभारंभ किया गया। उक्त कनेक्शन इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा उपलब्ध कराया गया है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पाइप्ड नेचुरल गैस पारंपरिक ईंधन की तुलना में सुविधाजनक एवं अपेक्षाकृत स्वच्छ ईंधन विकल्प है। कमर्शियल प्रतिष्ठानों में इसके उपयोग से सिलेंडर आधारित ईंधन की निर्भरता कम होगी तथा ईंधन की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इससे होटल, रेस्टोरेंट, रिसॉर्ट, अस्पताल, संस्थान एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को विशेष सुविधा प्राप्त हो सकती है।
जिलाधिकारी ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर में पीएनजी नेटवर्क के विस्तार की कार्ययोजना को गति देते हुए 31 मार्च 2027 तक सहरसा शहर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कमर्शियल पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य पूरा किया जाए। उन्होंने कनेक्शन विस्तार के साथ-साथ सुरक्षा मानकों, उपभोक्ता सुविधा एवं सेवा की निरंतरता पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
गौरतलब है कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा सहरसा में अब तक लगभग 1,200 घरों में घरेलू कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है। कमर्शियल कनेक्शन की शुरुआत के साथ अब पीएनजी की सुविधा को शहर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक विस्तारित करने की दिशा में भी कार्य प्रारंभ हो गया है।
पीएनजी की उपलब्धता से व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को ईंधन भंडारण एवं सिलेंडर के बार-बार प्रबंधन की आवश्यकता में कमी, आपूर्ति की बेहतर सुविधा तथा स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा मिलने की संभावना है। इससे सहरसा शहर में ऊर्जा दक्षता, स्वच्छ ईंधन एवं आधुनिक शहरी सुविधाओं को बढ़ावा देने में सहायता मिलेगी।



