महिलाओं के गले से चेन झपटने वाले दो चैन स्नैचर समेत चार को सदर पुलिस ने किया गिरफ्तार…

ओमप्रकाश/रांची//राजधानी रांची के अलग-अलग इलाकों में महिलाओं के गले से चेन झपटने वाले दो चैन स्नैचरों को सदर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन दोनों के अलावा चोरी के माल को गलाने एवं बेचने के इल्जाम में दो जेवर कारोबारी को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में मो अयाज अहमद उर्फ रजत, मो शाहिद, प्रेम कुमार वर्मा और राजकुमार शामिल है। इनके पास से पुलिस ने गलाया हुआ 16 ग्राम सोना, 8 ग्राम सोने की दो चेन, दो एंड्रॉयड फोन, पांच हजार 800 रुपये नकद, एक स्कूटी, एक टी-शर्ट और दो कैप बरामद किया है।
इस बात का खुलासा रांची के डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। एसएसपी ने बताया कि शहर में हो रहे चैन छिनतई का उद्भदन को लेकर पुलिस लगातार छापेमारी एवं धड़-पकड़ कर रही है। इसी दरम्यान बीते एक मई गुरुवार की संध्या करीब 07.00 बजे गुप्त सूचना मिली कि सदर थाना क्षेत्र के कोकर साधु मैदान के पास दो लड़के काफी देर से एक स्कूटी पर बैठे हुए हैं एवं आते-जाते लोगों को घूर रहे हैं। उनके इरादे नेक नहीं लग रहे। जिसके बाद सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार अपने दल बल के साथ वहां पहुंचे। पुलिस को देखते ही उनमें से एक लड़का वहां से भागने में सफल हो गया। वही भाग रहे दूसरे लड़के को सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने दौड़ा कर पकड़ लिया। कड़ी पूछताछ में पकड़ाए गए आरोपी ने अपना नाम मो अयाज अहमद उर्फ रजत उम्र करीब 28 साल बताया। उसने बताया कि वह लोअर बाजार थाना क्षेत्र के चिस्तिया नगर का रहने वाला है। पुलिस को दिये अपने बयान में उसने कई चौंकाने वाले खुलासे किये। उसने आगे बताया कि चेन स्नैचिंग और अन्य मामलों में वह रांची के लोअर बाजार थाना और हजारीबाग के लोहसिंघना थाना से तीन पर जेल जा चुका है।
आरोपी मो अयाज अहमद उर्फ रजत ने पुलिस को यह भी बताया कि वह पहले भी वह सदर थाना क्षेत्र के कोकर बाजार, बड़गांई मोड़, हैदर अली रोड सहित कई अन्य जगहों पर छनतई की वारदात को अंजाम दे चुका है। महिलाओं के गले से उड़ाया हुआ चेन वह गुदड़ी चौक के रहने वाले मो शाहिद को दिया करता था। शाहिद उस सोने को मोती ज्वेलर्स और प्रेम ज्वेलर्स में गलाने के वास्ते दे देता था। यह दोनों दुकानें रांची के थड़पखना इलाके में है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मोती जेवेलर्स के मालिक प्रेम कुमार और प्रेम ज्वेलर्स के मालिक राजकुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है। इन लोगों के घर से छिनतई किया हुआ सोना बरामद किया गया। गिरफ्तार सभी आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। जिसके बाद पुलिस के द्वारा इन सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा दिया गया है।
इन लोगों की गिरफ्तारी में सदर डीएसपी संजीव कुमार बेसरा, सदर थानेदार कुलदीप कुमार, एसआई दीपक राणा, दीपक नारायण सिंह, निर्भय कुमार और विकास प्रसाद की सराहनीय भूमिका रही।