अररिया में सड़क परियोजनाओं की समीक्षा, मंत्री दिलीप जायसवाल ने दिए समयबद्ध निर्माण के निर्देश
जयनगर-घुरना पथ सुदृढ़ीकरण कार्य का मंत्री ने किया शुभारंभ

अररिया,04अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बिहार सरकार के पथ निर्माण एवं उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने शुक्रवार को अररिया समाहरणालय स्थित परमान सभागार में जिले की विभिन्न महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), बिहार राज्य पुल निर्माण निगम (BRPNNL) एवं बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (BSRDCL) की योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।
बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि ‘प्रगति यात्रा’ के दौरान की गई घोषणाओं को शीघ्र धरातल पर उतारना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
जनप्रतिनिधियों ने उठाई सड़क समस्याएं
समीक्षा बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की सड़क संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से रखा। बैठक में जिन परियोजनाओं पर विशेष चर्चा हुई, उनमें पचकोड़ी चौक से रामपुर मदनपुर पलासी मार्ग के भूमि अधिग्रहण एवं चौड़ीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा भेभड़ा चौक से टेढ़ागाछ मार्ग के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। वहीं चांदनी चौक से गोढ़ी चौक तक चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य को जल्द पूरा करने की हिदायत दी गई।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्रीय विकास और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। बेहतर सड़क नेटवर्क से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।
जयनगर-घुरना पथ का शुभारंभ
समीक्षा बैठक से पूर्व मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने अररिया जिले के घुरना में जयनगर-घुरना (भाया नरपतगंज) पथ के सुदृढ़ीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। लगभग 35.770 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण से सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिलाधिकारी विनोद दूहन ने मंत्री सहित अन्य अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया। इस अवसर पर सांसद प्रदीप कुमार सिंह, विधायक विजय कुमार मंडल (सिकटी), देवयंती यादव (नरपतगंज), अविनाश मंगलम (रानीगंज), मोहम्मद मुर्शीद आलम तथा मनोज विश्वास (फारबिसगंज) सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



