बहादुरगंज पहुंचे बिहार राज्य महादलित आयोग के अध्यक्ष, सम्मान के साथ हुआ स्वागत, योजनाओं की हुई समीक्षा

किशनगंज/बहादुरगंज,25जुलाई(के.स.)। बिहार राज्य महादलित आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार ऋषि के बहादुरगंज आगमन पर प्रखंड कार्यालय सभागार में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर आयोग अध्यक्ष को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में प्रखंड कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के सदस्यों सहित जिला स्तरीय प्रतिनिधियों ने भी उन्हें पुष्पगुच्छ व अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
विशेष रूप से बहादुरगंज विधानसभा के जदयू प्रत्याशी एहतेशाम अंजुम ने अध्यक्ष महोदय को शाल ओढ़ाकर स्वागत किया। साथ ही कार्यक्रम में प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष किशलय सिंहा, जदयू प्रखंड अध्यक्ष सह बीस सूत्री उपाध्यक्ष हरिहर पासवान, पूर्व विधानसभा प्रभारी संजय चौधरी, जिला पार्षद खोसी देवी, नगर अध्यक्ष बंटी सिंहा, जिला महासचिव नजीरुल इसलाम, महिला जिला अध्यक्ष जानकी सिंहा, बीस सूत्री सदस्य अनिसुर रहमान एवं मुमताज आलम, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष परवेज आलम, तथा एनडीए के दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समस्याओं पर खुली चर्चा
सम्मान समारोह के उपरांत प्रखंड के सभी पदाधिकारियों, कल्याण विभाग के प्रतिनिधियों एवं विभागीय कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समुदाय से संबंधित स्थानीय समस्याओं और सामाजिक चुनौतियों को चिन्हित कर पत्रों के माध्यम से आयोग अध्यक्ष को सौंपा गया। आयोग अध्यक्ष ने सभी विषयों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि समस्याओं के निराकरण के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मनोज कुमार ऋषि ने कहा कि, “राज्य सरकार महादलित एवं अनुसूचित जाति समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जनप्रतिनिधियों और आमजन की भागीदारी से ही योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव है।”
इस कार्यक्रम को क्षेत्रीय स्तर पर समाजिक समावेश और कल्याणकारी योजनाओं की निगरानी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।
रिपोर्ट/धर्मेन्द्र सिंह



