ताजा खबर

मुंगेर में 28 फरवरी को “राजस्व प्रशासन आपके द्वार” कार्यक्रम

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/प्रधान सचिव की अध्यक्षता में दिनभर होगी समीक्षा बैठक, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण और भूमि सर्वेक्षण जैसे मुद्दों पर फोकस

पटना : राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा मुंगेर जिले में 28 फरवरी को “राजस्व प्रशासन आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में अपर सचिव श्री आजीव वत्सराज ने समाहर्ता, मुंगेर को पत्र जारी कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
जारी पत्र के अनुसार यह कार्यक्रम 28 फरवरी को पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 5:00 बजे तक प्रेक्षा गृह सभागार, मुंगेर में आयोजित होगा। कार्यक्रम दो पालियों में संपन्न होगा। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग के प्रधान सचिव श्री सीके अनिल करेंगे। इस अवसर पर मुंगेर जिले के बन्दोबस्त पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR), जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी तथा राजस्व कर्मचारी/अमीन के साथ राजस्व से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की जाएगी।

इन मुद्दों पर होगी विशेष समीक्षा

बैठक के लिए विस्तृत एजेंडा निर्धारित किया गया है, जिसमें प्रमुख रूप से परिमार्जन प्लस की प्रगति, दाखिल-खारिज/नामांतरण वादों की स्थिति, भूमि विवादों का निष्पादन, सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, DCLR न्यायालयों में लंबित वाद, भूमि मापी की प्रगति, राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली की स्थिति और राज्य में चल रहे भूमि सर्वेक्षण की अद्यतन स्थिति पर फोकस होगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु मानक एसओपी के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित की जाएं। अपर समाहर्ता, मुंगेर को बैठक की समुचित तैयारी, प्रतिवेदन संकलन तथा समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राजस्व मुख्यालय के 22 वरिष्ठ अधिकारियों की होगी भागीदारी

कार्यक्रम में विभाग के सचिव श्री जय सिंह के अतिरिक्त सचिव स्तर के अन्य अधिकारियों के साथ-साथ भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय, चकबंदी निदेशालय, भू-अर्जन निदेशालय तथा कृषि गणना से जुड़े 22 वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। इसके अलावा लखीसराय जिले के अपर समाहर्ता को भी अपने जिले से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन के साथ बैठक में भाग लेने का निर्देश दिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!