अपराध
Trending

खादगढ़ा बस स्टैंड में पिछले दो दिनों से रहस्यमयी तरीके से बसों में लग रही आग की गुत्थी रांची पुलिस ने सुलझाई…

रांची//राजधानी राँची के खादगढ़ा बस स्टैंड में खड़ी बसों में पिछले दो दिनों से रहस्यमयी तरीके से आग लगने की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो जानबूझकर खड़ी बसों को अपना निशाना बना रहा था।पकड़े गए आरोपी की पहचान अर्जुन भोक्ता 32 वर्ष के रूप में हुई है।वह सिकिदरी थाना क्षेत्र के पिपरा टोला का रहने वाला है।उसके पास से माचिस का डिब्बा और लाइटर बरामद हुआ है।

एक फरवरी को लगी थी पहली आग, छह बसें हुई थी खाक

सिटी एसपी पारस राणा ने प्रेस वार्ता में पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि बीते एक फरवरी को दोपहर करीब 2.30 बजे खादगढ़ा बस स्टैंड में अचानक आग लग गई थी। इस घटना में स्टैंड में खड़ी कुल छह बसें पूरी तरह से जलकर राख हो गई थीं। आग की लपटें आसमान छूने लगी थी। पूरा इलाका धुआं-धुआं हो गया था। जिससे बस स्टैंड में तहलका मच गया था। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

दूसरे दिन फिर बस में लगी आग की घटना ने पुलिस को किया सतर्क

घटना की जांच अभी चल ही रही थी कि अलगे दिन यानी 2 फरवरी को बस टर्मिनल के सामने खड़ी एक सीटी बस(रजिस्ट्रेशन नंबर JH01AF-6969 ) में फिर आग लग गई। लेकिन इस बार समय रहते आग बुझा ली गई,जिससे बड़ा नुकसान टल गया।लगातार हो रही घटनाओं से पुलिस को किसी साजिश की आशंका हुई। जिसके बाद पुलिस एक्टिव मोड में आ गई।

CCTV फुटेज में दिखी पूरी वारदात

दोनों घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस ने बस स्टैंड और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि आग लगने से कुछ देर पहले एक व्यक्ति हाथ में कपड़ा लेकर बस के अंदर गया। कुछ मिनट बाद वह व्यक्ति खाली हाथ बाहर निकला। उसके बाहर निकलते ही बस से धुआं उठने लगा और फिर बस में आग लग गई।

पुलिस ने आगे जांच की तो 1 फरवरी को हुई घटना में भी वही युवक आया था नजर

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि एक फरवरी को जिस बस में सबसे पहले आग लगी थी, उसके पास से भी यही व्यक्ति घटना से करीब पांच मिनट पहले गुजरता हुआ दिखाई दिया था। इसके बाद पुलिस ने फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया।

नशे की हालत में था आरोपी, माचिस और लाइटर बरामद

एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी अर्जुन भोक्त नशे की हालत में पाया गया। अत्यधिक नशे में होने के चलते वह ठीक से कुछ बता नहीं पा रहा था। पूछताछ के दौरान उसने अलग-अलग बयान दिए। आरोपी के पास से एक माचिस का डब्बा और एक लाइटर बरामद किया गया है। वहीं, बस के अंदर से जला हुआ कपड़ा भी पुलिस ने जब्त किया है। इस मामले को लेकर लोअर बाजार थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने यह हरकत अपनी मर्जी से की है या किसी के कहने पर नशे की हालत में किया है।

वही एसपी पारस राणा ने आगे कहा कि खादगढ़ा बस स्टैंड और उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे।

क्या खुलासा किया एसपी ने प्रेस वार्ता में(देखे वीडियो)

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!