ताजा खबर

*निर्माता प्रेम राय व अभिनेत्री आम्रपाली दुबे की फिल्म “सी.आई.डी बहू” का धांसू ट्रेलर रिलीज के साथ हुआ वायरल*

गुड्डू कुमार सिंह/श्रेयश फिल्म्स प्रा. लि. के बैनर तले बनी आम्रपाली दुबे स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म “सी.आई.डी बहू” का धमाकेदार ट्रेलर आज रिलीज होते ही वायरल हो गया। भोजपुरी सिनेमा टीवी चैनल पर रिलीज हुए इस ट्रेलर को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। रिलीज के कुछ ही घंटों में ट्रेलर सोशल मीडिया पर तेजी से ट्रेंड करने लगा है और फैंस आम्रपाली दुबे के नए अवतार की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

ट्रेलर में आम्रपाली दुबे एक बेहद अलग और दिलचस्प किरदार में नजर आ रही हैं, जहां वे अपने ही घर में रहकर जासूसी करती दिखाई देती हैं। फिल्म में सस्पेंस, इमोशन और कॉमेडी का शानदार मिश्रण देखने को मिल रहा है। पारिवारिक कहानी पर आधारित यह फिल्म दर्शकों को गुदगुदाने के साथ-साथ भावनात्मक सफर पर भी ले जाती नजर आती है।

फिल्म को लेकर आम्रपाली दुबे ने कहा कि “सी.आई.डी बहू” मेरे करियर की बेहद खास फिल्म है, क्योंकि इसमें दर्शकों को मेरा एक बिल्कुल अलग और अनोखा किरदार देखने को मिलेगा। यह सिर्फ मनोरंजन ही नहीं, बल्कि परिवार और रिश्तों की भावनाओं को भी खूबसूरती से दिखाती है। फिल्म की कहानी, कॉन्सेप्ट और पूरी टीम का सहयोग शानदार रहा है। मुझे पूरा विश्वास है कि दर्शकों को यह फिल्म खूब पसंद आएगी और वे इसे अपने परिवार के साथ जरूर देखना चाहेंगे।”

फिल्म के निर्माता प्रेम राय हैं, जबकि इसकी कहानी और निर्देशन अनंजय रघुराज ने किया है। पटकथा और संवाद अरबिंद तिवारी द्वारा लिखे गए हैं, जो ट्रेलर में बेहद दमदार और प्रभावशाली लगते हैं। फिल्म की प्रस्तुति और तकनीकी पक्ष भी ट्रेलर में काफी मजबूत दिखाई दे रहा है।

निर्माता प्रेम राय ने कहा कि “सी.आई.डी बहू” एक अलग कॉन्सेप्ट की पारिवारिक मनोरंजक फिल्म है, जिसमें सस्पेंस, ड्रामा और इमोशन का शानदार मिश्रण है। हमने कोशिश की है कि दर्शकों को कुछ नया और ताज़ा कंटेंट मिले। आम्रपाली दुबे समेत पूरी स्टार कास्ट ने बेहतरीन काम किया है और फिल्म का ट्रेलर जिस तरह से दर्शकों का प्यार पा रहा है, उससे हमें पूरा भरोसा है कि रिलीज के बाद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन करेगी।”

फिल्म से जुड़े लोगों का कहना है कि “सी.आई.डी बहू” भोजपुरी सिनेमा में एक नई और अलग विषयवस्तु लेकर आ रही है, जो परिवार, रिश्तों और रहस्य के अनोखे मेल के कारण दर्शकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बनेगी। ट्रेलर को मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स से साफ है कि दर्शक अब इस फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

लिंक : https://www.youtube.com/watch?v=HlZ27-MvSaE

बता दें कि आम्रपाली दुबे स्टारर भोजपुरी फिल्म “सी.आई.डी बहू” में उनके साथ श्वेता वर्मा, रंभा साहनी, अयाज़ खान, विद्या सिंह, राज सिंह राजपूत, पूजा ठाकुर और साहिल सिद्दीकी समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म की सह निर्माता शाइस्ता खान हैं, संगीत साजन मिश्रा और ओम झा का है, वहीं गीत धरम हिंदुस्तानी और दुर्गेश भट्ट ने लिखे हैं। छायांकन वेंकेट महेश, संपादन गुरजंत सिंह और नृत्य निर्देशन एम.के. गुप्ता (जॉय) ने किया है। पीआरओ रंजन सिन्हा हैं। कला निर्देशन नज़ीर शेख, कॉस्ट्यूम विधा-विष्णु, पोस्ट प्रोडक्शन ऑडियो लैब और पार्श्व संगीत असलम सुरती का है, जबकि डी.आई. व वीएफएक्स मोहित कुमार द्वारा तैयार किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!