किशनगंज में जिला स्तरीय युवा उत्सव की तैयारी तेज, संबंधित शिक्षकों के साथ बैठक सम्पन्न

किशनगंज,20नवंबर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन किशनगंज के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 5 दिसंबर 2025 को होने वाले जिला स्तरीय युवा उत्सव की तैयारी को लेकर मंगलवार को इंटर स्कूल, किशनगंज में संगीत शिक्षकों की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक अपराह्न 2 बजे जिला स्थापना कार्यक्रम पदाधिकारी एवं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी के नेतृत्व में सम्पन्न हुई, जिसमें युवा उत्सव से संबंधित विस्तृत दिशा–निर्देश साझा किए गए।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार युवा उत्सव का आयोजन सम्राट अशोक भवन में किया जाएगा। कार्यक्रम को दो मुख्य श्रेणियों—कल्चरल ट्रैक एवं इनोवेशन ट्रैक—में संपन्न कराया जाएगा।
कल्चरल ट्रैक की प्रतियोगिताएँ
कला, संगीत, नृत्य, चित्रकला और साहित्यिक अभिरुचि वाले युवाओं के लिए विविध स्पर्धाएँ निर्धारित की गई हैं—
- समूह लोकनृत्य — समय : 15 मिनट (केवल लाइव प्रस्तुति)
- समूह लोकगीत — समय : 7 मिनट
- चित्रकला प्रतियोगिता — समय : 90 मिनट
- विषय: नशा मुक्त भारत / युवा प्रेरित हेल्दी लाइफस्टाइल
- कहानी लेखन — 1000 शब्द, समय : 60 मिनट
- कविता लेखन — 500 शब्द, समय : 60 मिनट
- वक्तृत्व प्रतियोगिता — समय : 5 मिनट
- विषय: भारत में आपातकाल का प्रभाव एवं संविधान व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा
- उप-विषय (अंग्रेज़ी): Emergency Period and Violation of Constitution in India and Safeguarding Democratic Values
निर्णयन कार्य अनुभवी निर्णायक मंडल द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाएगा। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा उत्सव एवं तत्पश्चात राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग ले सकेंगे।
कल्चरल ट्रैक आवेदन प्रक्रिया (ऑफलाइन)
इच्छुक अभ्यर्थियों को 30 नवम्बर 2025 (अपराह्न तक) समाहरणालय, किशनगंज स्थित सामान्य शाखा में निर्धारित आवेदन प्रपत्र जमा करना होगा। आवेदन पत्र में—नाम, पता, माता/पिता/पति का नाम, जन्म तिथि, विद्यालय/संस्थान का नाम, आयु प्रमाण, समूह प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की सूची तथा पासपोर्ट आकार का फोटो अनिवार्य रूप से संलग्न होगा।
इनोवेशन ट्रैक (Innovation Track)
नवाचार, तकनीकी समाधान, सामाजिक मॉडल, शोध परियोजना या स्टार्टअप विचार प्रस्तुत करने वाले युवाओं के लिए यह श्रेणी निर्धारित है।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। अभ्यर्थी निम्न लिंक पर अपनी प्रविष्टि दर्ज कर सकते हैं—
🔗 https://forms.gle/nbP3ZKUHk9NYNtHX7
आवेदन के साथ परियोजना का उद्देश्य, समस्या विश्लेषण, समाधान, संभावित प्रभाव और उपयोगिता का विवरण देना अनिवार्य है। चयनित प्रतिभागियों को आयोजन के दौरान प्रस्तुति/मॉडल प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
बैठक में स्थापना शाखा के प्रधान लिपिक सहित जिले के सभी संगीत, कला, नृत्य एवं संबंधित शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों व संस्थानों से युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।


