पटना : बिहार पुलिस के अंदर बड़े बदलाव की तैयारी..

पटना/धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस महकमे में पहले प्रमोशन और उसके बाद ट्रांसफर-पोस्टिंग का समय नजदीक आ गया है। बिहार पुलिस के अंदर बड़े बदलाव की तैयारी करीब-करीब हो चुकी है। किन IPS अधिकारियों को प्रमोशन मिलना है और किनका ट्रांसफर होगा ? किन्हें कहां की नई जिम्मेवारी सौंपी जाएगी ? करीब-करीब इसकी लिस्ट तैयार हो चुकी है। इस बार ADG स्तर के 4 IPS अधिकारियों का प्रमोशन DG में होगा। इनमें 3 IPS अधिकारी सेंट्रल डेप्युटेशन पर हैं। 3 IPS अधिकारी इस बार IG से ADG बनेंगे। 8 IPS अधिकारी ऐसे हैं, जिनका प्रमोशन DIG से IG में होगा। वहीं, 6 IPS अधिकारी इस बार SP से DIG बनाए जाएंगे। संभावना है कि प्रमोशन की पूरी प्रक्रिया 20 दिसंबर से पहले पूरी कर ली जाएगी। ट्रांसफर और पोस्टिंग इसके बाद ही होगी। आपको बताते चले कि 1990 बैच के नीरज सिन्हा, 1991 बैच के विनय कुमार, प्रवीण वशिष्ट और प्रीता वर्मा वर्तमान में ADG पद पर हैं। इनमें विनय कुमार अभी बिहार में हैं और ADG लॉ एंड ऑर्डर की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं। साथ में उनके पास प्रोविजनिंग का भी चार्ज है। बाकी तीनों IPS अधिकारी सेंट्रल डेप्युटेशन पर हैं। बिहार सरकार इन सभी को DG रैंक में प्रमोट करने वाली है। बिहार में DG रैंक का एक पद खाली भी हो गया है। 30 नवंबर को 1987 बैच के IPS अधिकारी व DG दिनेश सिंह बिस्ट रिटायर हो गए हैं। ADG विनय कुमार को प्रमोशन मिलते ही DG की खाली जगह भर जाएगी।उपेंद्र कुमार शर्मा के DIG बनने के बाद पटना SSP का पद खाली हो जाएगा। सूत्र बताते हैं कि नए SSP के नाम का सलेक्शन भी करीब-करीब हो गया है। इसके लिए 3 IPS अधिकारियों का नाम सामने आया है। इसमें 2009 बैच के जयंतकांत, बाबू राम और 2011 बैच के आशीष भारती शामिल है। सूत्र बताते हैं कि इनमें जयंतकांत और आशीष भारती का नाम सबसे आगे है। वर्तमान में जयंतकांत मुजफ्फरपुर के SSP हैं। जबकि, आशीष भारती रोहतास के SP हैं। वहीं, बाबू राम दरभंगा SSP की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं। पटना के नए SSP के नाम पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही अपनी मुहर लगाएंगे। 1997 बैच के 3 IPS अधिकारी जो IG के पद पर वर्तमान में हैं, वो इस बार ADG बनेंगे। इसमें पटना के रेंज IG संजय सिंह और दरभंगा के IG अजिताभ कुमार शामिल हैं। इन दोनों के अलावा सेंट्रल डेप्युटेशन पर गए ओएन भास्कर भी ADG में प्रमोट किए जाएंगे। इस बार DIG से IG बनने वालों में कुल 7 IPS अधिकारियों का नाम शामिल है। इसमें 2003 बैच के बेगूसराय के DIG राजेश कुमार और CID में पोस्टेड रत्णमणि संजीव शामिल हैं। जबकि, 2004 बैच में STF के DIG विनय कुमार, राजगीर में स्थित बिहार पुलिस अकादमी के DIG पीके दास, मुंगेर रेंज के DIG पंकज सिन्हा, कोशी रेंज के DIG ललन मोहन प्रसाद और होमगार्ड एंड फायर सर्विसेज जितेंद्र मिश्रा शामिल हैं। सूत्र बताते हैं कि प्रमोशन मिलने के बाद विनय कुमार को पटना का नया IG बनाया जा सकता है। आपको बताते चलें कि 2008 बैच के 6 IPS अधिकारी इस बार SP से DIG बनेंगे। इसमें पटना के SSP उपेंद्र कुमार शर्मा, सुपौल के SSP मनोज कुमार, भागलपुर की SSP नताशा गुड़िया, जमालपुर स्थित BSAP-9 के कमांडेंट सत्यवीर सिंह, पटना के रेल SP विकास बर्मन और पटना स्थित BSAP-14 की कमांडेंट किम का नाम शामिल है।