राजनीति

राजनीति – बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटों पर महागठबंधन की होगी जीत….

कुणाल कुमार / पटना। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने कहा है कि 18वीं लोकसभा चुनाव में केंद्र की जन विरोधी भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने के लिए बिहार के मतदाता महागठबंधन के पक्ष में वोट करेंगे। बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटों पर महागठबंधन के उम्मीदवारों की जीत होगी। यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए है। महागठबंधन में सीपीआई के हिस्से में बेगूसराय सीट आई है। पार्टी ने बेगूसराय से कामरेड अवधेश कुमार राय को उम्मीदवार बनाया है और जीत भी तय है।
भाकपा राज्य सचिव ने कहा है कि देश एक खतरनाक मोड़ पर आ खड़ा है। इसी मोड़ से भारत के भविष्य के दो रास्ते खुलते हैं। एक यह जो देश को तानाशाही, पंूजीशाही, अन्याय, आर्थिक, सामाजिक एवं धार्मिक भेदभाव, भय, नफरत, हिंसा, बेरोजगारी, महंगाई, उत्पीड़न आश्रयहीनता, गरीबी और आर्थिक विषमता की ओर ले जाने वाला है तथा दूसरा वह जो देश को लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, न्याय, भाईचारा, संघवाद, समावेशी विकास, सदियों पुरानी साझी-संस्कृति और धार्मिक सहिष्णुता की ओर ले जाता है। इसी विरासत की रक्षा के लिए बिहार के बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र में महागठबन्धन की ओर से अवधेश कुमार राय, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार हैं। बेगूसराय की वामपंथी राजनीतिक पहचान पुरानी है। यह पहचान भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने भूमिः संघर्षों, सामाजिक न्याय के लिए संघषों, लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता के लिए संघर्षों, मजदूरों और किसानों के अधिकार के लिए संघर्षों, महिलाओं, दलितों, अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न और भेदभाव से छुटकारा दिलाने के संघर्षों, युवकों को रोजगार और शिक्षा दिलाने में सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्त्ताओं ने अपनी कुर्बानी देकर बनायी और आज भी इन सवालों के साथ-साथ बेगूसराय में दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर संघर्षरत है।
इसलिए बेगूसराय की जनता भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी को अपनी पार्टी मानती है। इसके साथ ही साथ राजद, कांग्रेस, माकपा एवं भाकपा माले की ऐतिहासिक एकता से ही तानाशाही, दक्षिणपंथी, मजदूर किसान विरोधी ताकत को शिकस्त दिया जाएगा। भविष्य में देश किस रास्ते पर चलेगा, इसका फैसला होने वाले इस बार के लोकसभा चुनाव से होगा। इस चुनाव में दो राजनीतिक शक्तियां भारत के भविष्य के रास्ते के चुनाव को लेकर आमने-सामने है। एक है-भाजपा-आरएसएस नीत एनडीए गठबंधन और दूसरा है- भाजपा विरोधी इण्डिया (महागठबंधन) है। एनडीए के साथ सत्ता शक्ति और धनशक्ति है जबकि इण्डिया के साथ जनशक्ति। इसलिए यह लोकसभा चुनाव भारत के भविष्य के लिए एक निर्णायक चुनाव है।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी इण्डिया महागठबन्धन का एक मजबूत घटक है। पार्टी की अपील है कि संपूर्ण भारत में भाजपा को हराने और इण्डिया गठबन्धन के उम्मीदवारों को जिताने के लिए आप मतदान करें। बिहार में भी महागठबन्धन और भाजपा वाले एनडीए के बीच सीधी लड़ाई है। हम पूरे विश्वास के साथ कह सकते हैं कि देश के मतदाता एनडीए को अवश्य हराएंगे ताकि देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में रह सके। हमारी मुक्कमल एकता से एनडीए में बौखलाहट है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button