किशनगंज : खगड़ा रेड लाइट एरिया में पुलिस की छापेमारी, चार नाबालिग सहित नौ युवतियां मुक्त
ऑपरेशन ‘सवेरा’ के तहत मुख्यालय डीएसपी के नेतृत्व में कार्रवाई
किशनगंज,12अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, शहर के खगड़ा रेड लाइट एरिया में रविवार की शाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान पुलिस टीम ने चार नाबालिग लड़कियों सहित कुल नौ युवतियों को मुक्त कराया। वहीं कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत की गई। अभियान का उद्देश्य देह व्यापार में फंसी लड़कियों को मुक्त कराना और इस अवैध धंधे से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करना है।
मुख्यालय डीएसपी अशोक कुमार के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी में एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह सहित कई पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल था। बहादुरगंज, पहाड़कट्टा सहित कई थानों की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। महिला पुलिस कर्मियों के साथ सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों को टीम में शामिल किया गया था।
पुलिस टीम के अचानक खगड़ा रेड लाइट एरिया पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। कई लोग मौके से भागने लगे, जबकि पुलिस ने कई घरों में छापेमारी कर कुछ लोगों को खदेड़कर पकड़ लिया। हालांकि, कुछ लोग पुलिस को देखते ही फरार होने में सफल रहे।
एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि देह व्यापार में लिप्त लड़कियों को मुक्त कराने के लिए ऑपरेशन सवेरा के तहत छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान बाहर से लड़कियों को लाकर देह व्यापार में धकेले जाने की जानकारी भी सामने आई है।
करीब तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई को अब तक की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस को कुछ अहम सुराग भी मिले हैं, जिसके आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी रहने की संभावना है। घटना के दौरान मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ भी जुट गई थी।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस की कार्रवाई जारी थी और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही थी।



