किशनगंज : पुलिस सप्ताह पर पुलिस-पब्लिक जनसंवाद गोष्ठी आयोजित
किशनगंज,28फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस सप्ताह के अवसर पर शनिवार को पुलिस सभागार में पुलिस-पब्लिक जनसंवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आम नागरिकों ने खुलकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखे। गोष्ठी की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने की।
इस अवसर पर एसपी संतोष कुमार ने कहा कि पुलिस सप्ताह के तहत आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास को मजबूत करना तथा स्थानीय समस्याओं पर खुली चर्चा के माध्यम से समाधान तलाशना है। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के लिए आम लोगों की भागीदारी आवश्यक है, इसलिए नागरिकों से सुझाव लिए जा रहे हैं।
एसपी ने कहा कि पुलिस का कार्य केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के सभी वर्गों के सहयोग से बेहतर कानून-व्यवस्था कायम रखना भी है। उन्होंने पुलिस-जनता सहभागिता से अपराध मुक्त समाज के निर्माण पर जोर देते हुए भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराई। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनता की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है तथा हर शिकायत पर गंभीरता से त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
जनसंवाद के दौरान लोगों ने ट्रैफिक व्यवस्था, नशा उन्मूलन, महिलाओं की सुरक्षा समेत विभिन्न स्थानीय मुद्दों को उठाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न क्षेत्रों के लोग उपस्थित रहे।
गोष्ठी में एसडीपीओ वन गौतम कुमार, एसडीपीओ टू मंगलेश कुमार सिंह, मुख्यालय डीएसपी अशोक कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर राजा, सदर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन, ट्रैफिक थानाध्यक्ष सुनील कुमार, महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी तथा एससी-एसटी थानाध्यक्ष दीपू कुमार सहित जिले के कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे।



