किशनगंज : सरस्वती पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न

किशनगंज,19जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, आगामी सरस्वती पूजा, 2026 के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई एवं यातायात व्यवस्था को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार ने की।
बैठक में सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। शांति समिति के सदस्यों ने जाम की समस्या, ट्रैफिक नियंत्रण, पूजा पंडालों एवं विसर्जन स्थलों पर पेयजल व प्रकाश व्यवस्था, धोबी घाट में नदी की साफ-सफाई तथा विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव दिया। साथ ही अश्लील भोजपुरी गानों के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, विशेषकर बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन क्षेत्रों में नशा एवं अशोभनीय गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की गई।
जिलाधिकारी विशाल राज ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पूजा के लिए लाइसेंस शत-प्रतिशत अनिवार्य होगा तथा बिना लाइसेंस किसी भी प्रकार का मूर्ति अधिष्ठापन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डीजे का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। डीएम ने शांति समिति एवं पूजा समितियों की सराहना करते हुए कहा कि किशनगंज जिले में लंबे समय से आपसी भाईचारे एवं सौहार्द की परंपरा रही है, जिसमें सिविल सोसाइटी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सोशल मीडिया पर सक्रिय युवाओं को शांति समिति से जोड़ने का भी आग्रह किया।
डीएम ने जानकारी दी कि नगर परिषद द्वारा जिले के 100 से अधिक सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। बंगाल से बिहार आने वाले टोटो की सघन जांच की जा रही है तथा नियम उल्लंघन पर जब्ती की कार्रवाई की जा रही है। साफ-सफाई की व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि सरस्वती पूजा मुख्यतः बच्चों एवं विद्यार्थियों का पर्व है, इसलिए इसे शांति एवं अनुशासन के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि पूजा लाइसेंस हेतु न्यूनतम पांच व्यक्तियों के नाम एवं दस अन्य सदस्यों की सामूहिक जिम्मेदारी के साथ आवेदन अनिवार्य होगा। विसर्जन मार्गों पर साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। साथ ही विसर्जन के दौरान बच्चों की सुरक्षा तथा अंधेरे वाले स्थलों पर पर्याप्त बिजली व्यवस्था के निर्देश दिए गए।
बैठक में एडीएम (आपदा) जफर आलम, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिलाधिकारी के विशेष कार्य पदाधिकारी चंदन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी, कर्मी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।



