ब्रेकिंग न्यूज़राज्य

परिणय सूत्र में बंधे अनाथ युवक- युवती, मंदिर में हुई शादी सामाजिक कार्यकर्ता बने साक्षी।…

गुड्डू कुमार सिंह:-पीरो। बचपन में ही मां- बाप के गुजर जाने से पूरी तरह अनाथ हो चुके युवक-युवती की शादी मंगलवार को अनुमंडल मुख्यालय स्थित मां योगेश्वरी मंदिर में सादगी के साथ संपन्न हुई। इस दौरान कई स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस मांगलिक कार्य में सहयोग प्रदान किया। इस पुनीत कार्य के साक्षी बने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छोटू सिंह ने बताया कि बघउड गांव की देवंती कुमारी के मां-बाप बचपन में ही गुजर गए थे। किसी तरह उसका पालन पोषण गांव के किसान कृपानिधि सिंह की छत्र छाया में हुआ। इधर जब देवंती शादी योग्य हुई तो एक पिता की तरह कृपानिधि सिंह उसके लिए योग्य वर की तालाश कर रहे थे। लंबे इंतजार के बाद उन्हें पता चला कि देवंती की बिरादरी का ही एक अनाथ युवक रघुनाथपुर (मोथा, रोहतास) में है जिसका पालन पोषण वहां के किसान सुदर्शन सिंह की देखरेख में हुआ है। रिश्ते की बात चली तो दोनों अनाथ युवक-युवती के संरक्षक सहमत हो गए। मंगलवार को अनुमंडल मुख्यालय स्थित मां योगेश्वरी मंदिर में सनातन हिन्दू रीति-रिवाज के अनुसार देवंती के संरक्षक कृपानिधि ने विधिवत कन्यादान की रस्म पूरी की और माता योगेश्वरी को साक्षी मान यह अनाथ जोडा परिणय सूत्र में बंध एक दूसरे के हो गए। इस मौके पर दोनों पक्ष से धनजी सिंह, मुन्ना शर्मा, विनोद शर्मा, भानू प्रताप सिंह, जयराम रवानी,दिनेश रवानी, झूलन दूबे, अभिषेक कुमार, दीपक गुप्ता, संतोष चंद्रवंशी, धर्मवीर गुप्ता, शुभम सिसोदिया, आदित्य सिंह, राजन राय, अजय कुमार मिश्र, विकास चंद्र आदि सामाजिक कार्यकर्ता साक्षी बने।

Related Articles

Back to top button