देशब्रेकिंग न्यूज़

श्री श्रवण कुमार, माननीय मंत्री, ग्रामीण विकास विभाग बिहार सरकार ने आज पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित *स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान समारोह* में भाग लिया।…

त्रिलोकी नाथ प्रसाद:- नई दिल्ली में आयोजित इस समारोह में महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू एवं श्री गजेंद्र सिंह शेखावत, माननीय मंत्री, जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार की उपस्थिति में बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी श्रीमती बबीता गुप्ता को राष्ट्रपति जी द्वारा स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान 2023 से सम्मानित किया गया।

इस सम्मान समारोह का सबसे मुख्य आकर्षण वह रहा, जब विज्ञान भवन का विशाल हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और यह मौका तब आया जब देश के महामहिम राष्ट्रपति जी ने श्रीमती बबीता गुप्ता का नाम लेते हुए वहां उपस्थित सभी लोगों को

संबोधित कर कहा कि श्रीमती बबीता गुप्ता से हमें सीख लेनी चाहिए जिन्होंने एक प्लास्टिक कचरे को खिलौने का रूप दिया तथा समाज में एक नई रोशनी फैलायी।

*मा. मंत्री श्री श्रवण कुमार* ने बताया कि श्रीमती बबीता गुप्ता स्वयं सहायता समूह की सदस्या हैं। यह मुजफ्फरपुर अंतर्गत सकरा प्रखंड के सीहो निवासी हैं तथा ये प्लास्टिक अपशिष्ट को उत्पाद में रूपांतरित कर रही हैं एवं प्लास्टिक कचरे से सजावटी सामग्री बनाकर तथा बेचकर धन अर्जित कर रही हैं। श्रीमती गुप्ता महिलाओं को यह कला सीखने के लिए प्रेरित करती हैं तथा उन्हें प्रशिक्षित भी करती हैं। *माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी* की दूरगामी सोच का ही परिणाम है कि आज लाखों दीदियां अपने को आत्मनिर्भर बना रही हैं।

माननीय मंत्री श्री श्रवण कुमार* ने बताया कि उनकी इस मुहिम से प्लास्टिक कचरा जिसे लोग बेकार समझ कर फेंक देते हैं, उसका उचित निपटाव हो रहा है तथा दर्जनों महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही हैं।आगे माननीय मंत्री ने बताया कि पूर्व में श्रीमती बबीता गुप्ता का परिवार खुशहाल था, लेकिन कुछ कारणवस पति की दिव्यांगता के कारण परिवार पर संकट के बादल छा गए। श्रीमती गुप्ता ने हिम्मत नहीं हारी। बिहार सरकार द्वारा चलाई जा रही योजना *जीविका* की सदस्य बनी। धीरे-धीरे उनकी आर्थिक स्थिति पटरी पर लौटने लगी। इस बीच उन्होंने प्लास्टिक कचरे से उपयोगी वस्तु बनाने की कला सीखी।

माननीय मंत्री ने बताया कि लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन का कार्य किया जा रहा है प्लास्टिक अपशिष्ट के प्रबंधन के तहत मुजफ्फरपुर के सकरा में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई एवं प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की गई है। श्रीमती गुप्ता भी इस इकाई से जुड़ी हैं। श्रीमती बबीता गुप्ता द्वारा अपने उत्पादों को पटना में आयोजित ‘ विश्व शौचालय दिवस 2022 प्रदर्शनी’, ‘राजगीर महोत्सव’ हाल में संपन्न ‘समाधान यात्रा’ इत्यादि में प्रदर्शित किया गया। जिसमें उन्हें काफी सराहना मिली।

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा स्वच्छता एवं पेयजल के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं से *स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान 2023* के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगा गया था। राष्ट्रीय स्तर पर पूरे देश भर से आए नामांकन में जल शक्ति मंत्रालय द्वारा बबीता गुप्ता को स्वयं सहायता समूह सदस्य श्रेणी में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र हेतु पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। श्रीमती गुप्ता को महामहिम राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत किए जाने से अपशिष्ट को संसाधन में बदलने तथा इसे जीविकोपार्जन का जरिया बनाने वालों का उत्साह बढ़ेगा। बिहार के विकास पुरुष *माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार* की सोच का यह परिणाम है कि श्रीमती बबीता गुप्ता जैसी बिहार की लाखों महिलाएं आज जीविका से जुड़कर अपने जीवन को खुशहाल बना रही हैं।

नई दिल्ली में आयोजित इस सम्मान समारोह में महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू, भारत सरकार जल शक्ति मंत्रालय के माननीय मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत के अलावा भारत सरकार जल शक्ति मंत्रालय के दोनों राज्य मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल एवं श्री विशेश्वर टुड्डू भी सम्मिलित थे। साथ ही साथ इस कार्यक्रम में श्री देवु सिंह चौहान, माननीय राज्यमंत्री संचार मंत्रालय भारत सरकार भी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button