प्रमुख खबरें

अब बुनियादी केंद्रों पर मिलेगी कॉमन सर्विस सेंटर की सुविधा, सचिव ने किया शुभारंभ

- सेंटर पर पेंशन, जीवन प्रमाणीकरण, ट्राई साइकिल आदि योजना में हो सकेगा निःशुल्क आवेदन

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/राज्य के सभी 101 अनुमंडलों में संचालित समेकित सेवा प्रदाता केंद्र-सह-बुनियाद केंद्र पर गुरुवार को कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) सेवा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के सभागार में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विभागीय सचिव बन्दना प्रेयसी ने कहा इन बुनियादी केंद्रों पर कि कॉमन सर्विस सेंटर की स्थापना से लाभार्थियों को कई सुविधा मिलेगी। मुख्य रूप से पेंशन, जीवन प्रमाणीकरण, ट्राई साइकिल आवेदन, दिव्यांगजन उद्यमी योजना, यूडीआईडी कार्ड, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना में ऑनलाइन आवेदन आदि के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा।
श्रीमती बंदना ने कहा कि राज्य के सभी अनुमंडलों में वृद्धजन और विधवाओं की सामाजिक सुरक्षा, देखभाल के लिए बुनियादी केंद्र का संचालन किया जा रहा है। इसका मूल उद्देश्य उपरोक्त लोगों को एक स्थान पर सम्मानजनक, सुलभ और समग्र सेवाएं मिल सकें। लाभुकों को पात्रता के अनुरूप सामाजिक सुरक्षा पेंशन और संबल योजना के तहत कृत्रिम अंग, उपकरण, ट्राई साइकिल का आवेदन प्राप्त करने के लिए सभी बुनियादी केंद्रों को समेकित सेवा प्रदाता केंद्र के रूप में नामित किया गया है।
सचिव ने कहा कि आज के डिजिटल युग में यह आवश्यक हो गया है कि सरकारी योजना और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक आसानी से पहुंचे। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए बुनियादी केंद्र पर कॉमन सर्विस सेंटर की स्थापना की जा रही है। इससे पेंशन का ऑनलाइन आवेदन संभव होगा। साथ ही लाभार्थी पेंशन की राशि भी निकाल सकेंगे।
कॉमन सर्विस सेंटर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष-सह-राज्य प्रमुख संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि लोगों को समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा। इस सेंटर पर लोगों को अन्य सेवा का भी लाभ मिलेगा। इसके लिए रेट चार्ट का निर्धारण किया जाएगा। इस अवसर पर वरीय प्रशासी पदाधिकारी पिंकी कुमारी ने कार्यक्रम से जुड़े सभी लोगों को आभार व्यक्त किया। उप मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, सक्षम सुनील कुमार, सक्षम के सभी राज्य कार्यक्रम प्रबंधक आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!