District Adminstrationअपराधकिशनगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़राज्य

किशनगंज एसडीपीओ गौतम कुमार प्रकरण में नया मोड़, नौकरानी के नाम करोड़ों की संपत्ति की चर्चा; डीटीओ कार्यालय पहुंची ईओयू टीम

किशनगंज,04अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, आय से अधिक संपत्ति मामले में पूर्व एसडीपीओ (वन) गौतम कुमार से जुड़े प्रकरण में नया मोड़ सामने आया है। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की जांच के बीच अब उनकी घरेलू सहायिका पारो के नाम कथित तौर पर करोड़ों की संपत्ति और लग्जरी सुविधाओं की चर्चा ने मामले को और तूल दे दिया है।

सूत्रों के अनुसार, पारो को लाने-ले जाने के लिए करीब 35 लाख रुपये की लग्जरी कार का उपयोग किए जाने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि कई बार निजी या सरकारी वाहन भी पारो के लिए भेजे जाते थे। इसके अलावा पारो को बुलेट बाइक उपहार में दिए जाने की भी चर्चा है।

सूत्रों का दावा है कि पारो ने पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के मलद्वार क्षेत्र में करीब एक करोड़ रुपये की लागत से मकान बनवाया है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि उसके पास महंगे आभूषण और अन्य कीमती सामान भी मौजूद हैं। हालांकि इन सभी दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इधर, मामले के सामने आने के बाद पारो के परिवार सहित घर से अनुपस्थित होने की भी जानकारी सामने आई है, जिससे संदेह और गहरा गया है।

उल्लेखनीय है कि आर्थिक अपराध इकाई द्वारा पूर्व में की गई छापेमारी में गौतम कुमार से जुड़ी 80 करोड़ रुपये से अधिक की कथित बेनामी संपत्ति का खुलासा हुआ था। अब नौकरानी से जुड़े नए तथ्यों के सामने आने के बाद जांच का दायरा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।इधर, शनिवार को आर्थिक अपराध इकाई की तीन सदस्यीय टीम किशनगंज पहुंचकर जांच में जुट गई। टीम ने सबसे पहले जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) पहुंचकर गौतम कुमार और उनके परिजनों के नाम पर पंजीकृत वाहनों के रिकॉर्ड खंगाले। इस दौरान वाहनों की खरीद-बिक्री, स्वामित्व, पंजीकरण और अन्य दस्तावेजों की विस्तृत जांच की गई तथा संबंधित अधिकारियों से पूछताछ भी की गई।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति मामले में चल रही जांच का हिस्सा है। ईओयू की पूर्व छापेमारी में नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, महंगी गाड़ियां और कई भूखंडों के दस्तावेज मिलने की बात सामने आई थी। प्रारंभिक जांच में ज्ञात आय से करीब 60 प्रतिशत अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ था।

सूत्रों के अनुसार, गौतम कुमार की पत्नी, सास और अन्य परिजनों के नाम पर भी संपत्तियां होने की बात सामने आई है। डीटीओ कार्यालय के बाद टीम ने जिले के अन्य स्थानों का भी दौरा किया और संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की। ईओयू टीम ने अपनी जांच रिपोर्ट पटना मुख्यालय को सौंप दी है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!