मेगा अंतरा दिवस पर किशनगंज की 168 महिलाओं ने अपनाया सुरक्षित गर्भनिरोधक इंजेक्शन
परिवार नियोजन को मिली नई दिशा, महिला स्वास्थ्य की दिशा में अहम पहल

किशनगंज,01सितम्बर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में मेगा अंतरा दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष अभियान के तहत 168 महिलाओं ने सब-क्यूटेनियस (Sub-Cutaneous) अंतरा इंजेक्शन को एक सुरक्षित गर्भनिरोधक विकल्प के रूप में अपनाया। यह कार्यक्रम जिले के सदर अस्पताल, सीएचसी बहादुरगंज, एपीएचसी गंगियाहाट, एपीएचसी समेसर और एपीएचसी पलाशमानिनीह सहित कई स्वास्थ्य केंद्रों पर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, प्रभावी और दीर्घकालिक गर्भनिरोधक साधनों की जानकारी देना और उन्हें अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
परिवार नियोजन को नई दिशा
सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी ने बताया कि सब-क्यूटेनियस अंतरा इंजेक्शन महिलाओं के लिए एक सुविधाजनक, सुरक्षित और प्रभावी गर्भनिरोधक उपाय है, जिसे हर तीन माह पर एक बार लगाया जाता है। इससे माताओं को बार-बार गर्भधारण की समस्या से राहत मिलती है और उनके स्वास्थ्य में सुधार होता है। यह इंजेक्शन न तो महिला की प्रजनन क्षमता को स्थायी रूप से प्रभावित करता है और न ही इसका कोई गंभीर दुष्प्रभाव होता है।
सहयोगी संस्था PSI की अहम भूमिका
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रिजवाना तबस्सुम ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने में पीएसआई संस्था की विशेष भूमिका रही। संस्था ने स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षित करने के साथ-साथ जमीनी स्तर पर महिलाओं को जागरूक करने का भी कार्य किया, जिससे महिलाओं में विश्वास पैदा हुआ और उन्होंने इस आधुनिक गर्भनिरोधक साधन को अपनाया।
मिशन परिवार विकास अभियान शुरू
जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि मिशन परिवार विकास अभियान सोमवार से जिले में प्रारंभ हुआ है, जो आगामी दो सप्ताह तक चलेगा। इस अभियान के अंतर्गत नसबंदी, कंडोम, गर्भनिरोधक गोलियां और अंतरा इंजेक्शन जैसे साधनों के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाई जाएगी। उन्होंने नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
जिले के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा अभियान
सिविल सर्जन डॉ. चौधरी ने कहा कि इस अभियान से महिलाओं की सेहत सुरक्षित होगी और मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि किशनगंज जिला आने वाले समय में परिवार नियोजन की दिशा में एक प्रेरणास्पद उदाहरण बनेगा।