किशनगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज पुलिस की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित, अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश

किशनगंज,10फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस सभागार में मंगलवार को माह जनवरी 2026 की अपराध निरोध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार (IPS) ने की। इसमें सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय, साइबर, यातायात, रक्षित), अंचल पुलिस निरीक्षक, सभी थानाध्यक्ष एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक ने विधि-व्यवस्था, अनुसंधान की गुणवत्ता, कांडों के त्वरित निष्पादन एवं सिटिजन सेंट्रिक पुलिसिंग पर विशेष जोर देते हुए कई अहम दिशा-निर्देश दिए। अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिले को चार जोन में विभाजित कर सुपर पेट्रोलिंग की व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत रात्रि 10:30 बजे से सुबह 4:30 बजे तक पुलिस निरीक्षक एवं डीएसपी स्तर के अधिकारियों द्वारा औचक जांच एवं भ्रमणशील गश्ती की जाएगी।

थाना दैनिकी को अद्यतन रखने के निर्देश देते हुए एसपी ने स्पष्ट किया कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। गश्ती व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए प्रातः, दिवा, संध्या एवं रात्रि गश्ती को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार प्रभावी ढंग से संचालित करने का आदेश दिया गया। गश्ती के दौरान वाहन से उतरकर सक्रिय पुलिसिंग, वाहन जांच, बाजार, एटीएम एवं बैंक चेकिंग अनिवार्य की गई।

छात्राओं की सुरक्षा को लेकर बालिका छात्रावास एवं लॉज के अनिवार्य पंजीकरण, सत्यापन एवं सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर जोर दिया गया। साथ ही होटल, लॉज एवं किराये के मकानों में रह रहे किरायेदारों के सत्यापन के निर्देश भी दिए गए।

न्यायालय सुरक्षा व्यवस्था के तहत कुख्यात अपराधियों एवं संवेदनशील मामलों के अभियुक्तों की पेशी के दौरान एस्कॉर्ट व्यवस्था की सघन जांच का आदेश दिया गया। अनुसंधानकर्ताओं को वैज्ञानिक एवं तकनीकी तरीके से जांच कर निर्धारित समय-सीमा में कांडों के निष्पादन के निर्देश दिए गए।

आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए शांति समिति की बैठक, असामाजिक तत्वों पर निरोधात्मक कार्रवाई एवं संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

गोष्ठी में बताया गया कि जनवरी माह में पुलिस की प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप चार अपराधियों को न्यायालय से सजा दिलाई गई। वहीं, आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निष्पादन, थानों में शालीन व्यवहार, समयबद्ध सुनवाई, बिना विलंब एफआईआर दर्ज करने एवं प्रत्येक सोमवार व शुक्रवार को जनता दरबार आयोजित करने के निर्देश दोहराए गए।

जनवरी माह की प्रमुख उपलब्धियां

पुलिस ने जनवरी माह में 194.35 लीटर देशी शराब, 436.995 लीटर विदेशी शराब, 153.06 किलोग्राम गांजा, 50.88 ग्राम ब्राउन शुगर सहित भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए। 234 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई तथा विभिन्न प्रकार के वाहन, मोबाइल, मशीनें एवं अन्य सामान जब्त किए गए। यातायात नियम उल्लंघन में 1703 वाहनों से ₹26.38 लाख एवं अन्य मामलों में ₹52.86 लाख का जुर्माना वसूला गया।

अंत में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि किशनगंज पुलिस अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था संधारण एवं जन-सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और आगे भी सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!