77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जद (यू) प्रदेश अध्यक्ष ने जारी किया बधाई संदेश, देशवासियों को दी शुभकामनाएँ
मुकेश कुमार /77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर बिहार जनता दल (यू) के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने समस्त देशवासियों एवं प्रदेशवासियों के लिए बधाई संदेश जारी किया।
उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी वीर स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस का यह पावन अवसर हमें अपने राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता और गौरव की रक्षा के प्रति सजग और प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा देता है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन की एनडीए सरकार महापुरुषों के सपनों को साकार करने की दिशा में लगातार कार्यरत है। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार सदैव इस विचार के पक्षधर रहे हैं कि विकसित भारत-विकसित बिहार का सपना साकार करने के लिए समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तथा महिलाओं को विकास की मुख्यधारा में शामिल करना नितांत आवश्यक है।
इस दिशा में श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में महिला सशक्तिकरण और न्याय के साथ विकास का माॅडल आज देश के अन्य राज्यों के लिए भी अनुकरणीय है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि जद (यू) राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, डाॅ0 अंबेडकर, लोकनायक जेपी, जननायक कर्पूरी ठाकुर और डाॅ0 लोहिया के विचारों को आत्मसात करते हुए समाज के सभी वर्गों के सशक्तिकरण तथा सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने का कार्य निरंतर करती रही है।
उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस के इस पावन अवसर पर हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम स्वयं और अपनी भावी पीढ़ियों को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक बनाएँगे, ताकि उनमें राष्ट्रसेवा, संविधान के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना और अधिक सुदृढ़ हो सके।



